सिल्क्यारा सुरंग में फंसे 41 मजदूर सुरक्षित बाहर आये , 400 घंटे बाद मिली सफलता..बहे भावुकता के आंसू

0
131
  • उत्तरकाशी सुरंग में फंसे मजदूरों को बाहर निकाला जाने लगा है। अब तक कई मजदूरों को बाहर निकाला जा चुका है। वहीं, सुरंग के बाहर खड़े लोग रो पड़े। देश भर में जश्न का माहौल।

देहरादून: उत्तरकाशी के सिल्क्यारा सुरंग में आज 17वें दिन बड़ी सफलता टीम को मिली है। 400 घंटे के बाद मंगलवार रात करीब साढ़े सात बजे मजदूरों को निकालने की प्रक्रिया शुरू हुई। करीब पौने नौ बजे तक सभी 41 मजदूरों को सुरक्षित निकाल लिया गया है। सुरंग से बाहर आए सभी मजदूरों को सीएम पुष्कर सिंह धामी ने पहले माला पहनाकर स्वागत किया। इसके बाद सीएम धामी ने मजदूरों से काफी देर तक बात कर उनका हालचाल जाना। मेडिकल चेकअप के बाद सभी मजदूरों को जिला अस्पताल भेज दिया गया है। सभी मजदूर स्वस्थ हैं। सुरंग के बाहर मौजूद लोगों की खुशी का ठिकाना नहीं रहा। जवान और वहां मौजूद लोगों को मिठाई बांटी।
वहीं, इससे पहले सीएम पुष्कर सिंह धामी ने ट्वीट किया, जिसमें बताया कि सिलक्यारा टनल में चल रहे रेस्क्यू ऑपरेशन में बड़ी सफलता मिली है। पाइप पुशिंग का कार्य मलबे के आर-पार हो चुका है। अब श्रमिकों को सुरक्षित बाहर निकालने की तैयारी शुरू कर दी गई है।


दरअसल दीपावली यानी 12 नवंबर को उत्तरकाशी के निर्माणाधीन सिल्क्यारा सुरंग में काम करने वाले 41 मजदूर फंस गए थे। 17 दिनों से रेस्क्यू अभियान चल रहा था।
केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने कहा कि मुझे बेहद खुशी है कि सिल्कयारा सुरंग के अंदर फंसे 41 श्रमिकों को सफलतापूर्वक बचाया गया है। पीएमओ के नेतृत्व में सभी एजेंसियों ने दिन-रात काम किया है। मैं उन श्रमिकों को अपनी शुभकामनाएं देना चाहता हूं जिन्होंने बचा लिया गया है। मैं उन कर्मियों को भी धन्यवाद देना चाहता हूं जिन्होंने बचाव अभियान में मदद की है।

योगी ने धामी को दी बधाई
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में चलाए गए बचाव कार्यों की सफलता पर मंगलवार को उत्तराखंड के सीएम पुष्कर सिंह धामी को बधाई दी। आदित्यनाथ ने एक्स पर एक पोस्ट में कहा कि उत्तराखण्ड स्थित सिल्क्यारा टनल में फंसे सभी श्रमिकों को सकुशल बाहर निकालने के लिए प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के मार्गदर्शन और मुख्यमंत्री श्री पुष्कर धामी जी के नेतृत्व में संचालित रेस्क्यू ऑपरेशन की सफलता पर सभी को बधाई एवं उत्तराखण्ड सरकार का अभिनंदन! श्रमिक भाइयों की प्राण रक्षा में अपना अमूल्य योगदान देने वाले हर व्यक्ति का धन्यवाद! सिलक्यारा सुरंग में पिछले 17 दिन से फंसे सभी श्रमिकों को बाहर निकाला जा चुका है। चारधाम यात्रा मार्ग पर बन रही सुरंग का एक हिस्सा 12 नवंबर को ढह गया था, जिससे उसमें 41 श्रमिक फंस गए थे।
देश भर में जश्न का माहौल
उत्तराखंड की सिलक्यारा सुरंग में पिछले 17 दिनों से फंसे 41 मजदूरों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया है। जिससे देश भर में जश्न का माहौल हैं। पूरा देश इन श्रमिकों के सकुशल बाहर आने का इंतजार कर रहा था। परिवार के लोग पलकें बिछाए अपने लोगों का इन्तजार कर रहे थे। ऐसे में मजदूरों के बाहर आने के बाद मौके पर मौजूद कई लोगों की आंखें भर आई। परिजनों की ख़ुशी का ठिकाना नहीं है।


इन राज्यों से थे श्रमिक
देश के आठ राज्यों के रहने वाले इन 41 श्रमिकों के यहां जश्न का माहौल है। एक मज़दूर के रिश्तेदार व परिवार वालों के इंतजार की घड़ियां खत्म हो गई हैं। आज उनकी ख़ुशी का ठिकाना नहीं है. सबसे ज्यादा जश्न का माहौल झारखण्ड में है, क्योंकि टनल के अंदर झारखंड के 15 लोग फंसे हुए थे. इसके साथ ही यूपी के 8, उत्तराखंड के 2, हिमाचल प्रदेश का एक , बिहार के 5, पश्चिम बंगाल के 3, असम के 2 और ओडिशा के 5 मजदूर फंसे हुए थे।

 

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here