Weather Update: मैदानों को बारिश और पहाड़ों को मिला हिमपात…ठिठुरे शहरी, मुस्कुराए किसान

0
360

दिल्ली/NCR: और बारिश के कारण मौसम में तीव्र बदलाव देखा गया है। बुधवार को दोपहर में शुरू हुई तेज बारिश के कारण सड़कों की हालत खराब नजर आई और बड़े पैमाने पर जलजमाव हो गया। गुरुवार सुबह भी अलग-अलग इलाकों में खूब बारिश हुई है। कड़ाके के ठण्ड के बीच बारिश से लोगों की चुनौतियां और बढ़ गई हैं जो पहले से ही भीषण सर्दी की स्थिति से जूझ रहे थे। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) की भविष्यवाणी के मुताबिक, दिल्ली में मौसम ऐसा ही बना रहेगा और अगले कुछ घण्टों में बारिश होने की संभावना है।

जहां भारत के कुछ मैदानी इलाकों में बारिश हुई है, वहीं हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर और उत्तराखंड में इस साल का पहला हिमपात भी हुआ। आज सुबह जम्मू-कश्मीर की राजधानी श्रीनगर सहित माता वैष्णो देवी की गुफा के पास भी बर्फबारी हुई है।

बारिश और बर्फबारी के कारण उत्तर भारत में ठंड बढ़ गई और सुबह कोहरे की चादर छाई रही। अचानक आए मौसम में बदलाव से आम जनजीवन जरूर प्रभावित हुआ हैं, लेकिन किसानों के लिए यह बारिश लाभदायक हो सकती है। गेंहू की खेती के लिए यह बारिश काफी फायदेमंद साबित होगी।

उत्तराखण्ड में जमकर बर्फबारी

केदारनाथ, बदरीनाथ, गंगोत्री, यमुनोत्री, औली और हर्षिल में बुधवार को जमकर बर्फबारी हुई। जबकि चकराता के लोखंडी में दो इंच तक बर्फ गिरी। औली और हर्षिल में पर्यटकों ने बर्फबारी का जमकर लुत्फ उठाया। उत्तरकाशी, टिहरी, पौड़ी, रुद्रप्रयाग और चमोली में हल्की बूंदाबांदी होने के बाद समूचे क्षेत्र ठंड बढ़ गई है। बुधवार को उत्तरकाशी के मुखबा, हर्षिल, भैरव घाटी, रुद्रप्रयाग के मद्महेश्वर, तुंगनाथ, चंद्रशिला और चमोली के बदरीनाथ, हेमकुंड और औली समेत ऊंची पहाड़ियों पर जमकर बर्फबारी हुई। केदारनाथ में देर शाम तक दो फीट से अधिक बर्फ जमा हो गई थी।


हिमपात की राह जोह रहे जम्मू-कश्मीर में बर्फबारी

सर्द मौसम में जम्मू एवं कश्मीर के पहाड़ियों पर एक लंबे इंतजार के बाद बुधवार को बर्फबारी और मैदानी इलाकों में बारिश हुई। इससे स्थानीय लोगों और सैलानियों के चेहरों पर मुस्कान खिल गई है, तो किसानों के चेहरों पर भी रौनक आ गई है। जम्मू-कश्मीर के कई इलाकों में बर्फबारी हुई है। खासतौर से गुलमर्ग में तो जहां तक नजर जाएगी हर तरफ बर्फ की चमके ही दिखेगी।

Also Read👉गौरव सबरवाल की जूता व्यवसाय से एरोपोनिक केसर खेती तक की प्रेरक यात्रा

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here