
लखनऊ: उत्तर प्रदेश में पंचायती राज विभाग ने अगले साल अप्रैल 2026 में पंचायत चुनाव कराने की तैयारियां शुरू कर दी हैं। इस क्रम में पंचायत चुनाव से जुड़ी सबसे बड़ी खबर सामने आई है। राज्य के पंचायती राज विभाग ने अधिसूचना जारी कर दी है, जिसके तहत अब प्रदेश में 504 ग्राम पंचायतें कम हो गई हैं। नई अधिसूचना के अनुसार, अब राज्य में कुल 57,695 ग्राम पंचायतों में चुनाव कराए जाएंगे। पंचायती राज विभाग ने यह भी स्पष्ट कर दिया है कि ग्राम पंचायतों की संख्या में अब कोई बदलाव नहीं होगा।
इस चुनाव में ग्राम प्रधानों के अलावा 826 ब्लॉक प्रमुख और 75 जिला पंचायत अध्यक्षों का भी चुनाव होगा। अधिकारियों के अनुसार, इस पुनर्गठन से ग्राम पंचायतों की सीमाओं को तर्कसंगत बनाया गया है और छोटी पंचायतों को मिलाकर बड़ी इकाइयां बनाई गई हैं। इससे प्रशासनिक कार्यों में सुगमता आएगी और संसाधनों का बेहतर उपयोग हो सकेगा।
ये भी पढ़े…
बिहार में खुलेंगे 100 नए फास्ट ट्रैक कोर्ट, कानूनी प्रक्रिया में तेजी और पारदर्शिता लाने की तैयारी
यह जिले सबसे ज्यादा प्रभावित
उत्तर प्रदेश के करीब 36 जिलों में ग्राम पंचायतों की संख्या में कटौती हुई है। देवरिया जिले में सबसे ज्यादा 64 ग्राम पंचायतें घटी हैं। इसके बाद आजमगढ़ में 47, प्रतापगढ़ में 45, अमरोहा और गोरखपुर में 21-21, गाजियाबाद में 19 और फतेहपुर में 18 पंचायतें कम हुई हैं।
पंचायत चुनाव की तैयारियों के तहत मतदाता सूची को अपडेट करने और अन्य औपचारिकताओं को पूरा करने का काम भी जल्द शुरू किया जाएगा। पंचायती राज विभाग ने सभी जिला प्रशासनों को निर्देश दिए हैं कि वे चुनाव की तैयारियों को समयबद्ध तरीके से पूरा करें, ताकि पंचायत चुनाव निर्धारित समय पर पूरा हो सके।


