संतोष कुमार सिंह
बिहार लोक सेवा आयोग द्वारा आयोजित मुख्य परीक्षा की तैयारी करने वाले छात्र हर उस दर पर दस्तक दे रहे हैं, जहां से राहत मिलने की उम्मीद है। उनकी समस्या है कि संघ लोक सेवा आयोग के प्रारंभिक परीक्षा का डेट बिहार मुख्य परीक्षा की घोषित डेट से टकरा रहा है। ऐसे में छात्र पेशोपेश में हैं, कि वे मुख्य परीक्ष में बैठें कि प्रारंभिक परीक्षा में। दिल्ली से लेकर पटना तक प्रतियोगी परीक्षार्थियों का धरणा प्रदर्शन चल रहा है लेकिन सियासत है कि छात्रों को राहत देने के बजाय उनके साथ लुका छिपी का खेल खेल रही है। डंडे की भाषा बोला जा रहा है।आए थे हरि भजन को ओटन पड़ा कपास। आज बिहार के मुख्यमंत्री नीतिश कुमार जब कंस्टीट्यूशन क्लब में एक कार्यक्रम में शिरकत करने आये तो उन्हें प्रतियोगी छात्रों के विरोध का सामना करना पड़ा। छात्र इसके पहले भी बिहार भवन के सामने एवं पटना में विरोध प्रदर्शन कर चुके हैं।
क्या है मामला
छात्रों ने मांग की है कि बीपीएससी मुख्य परीक्षा की तारीख को सात अगस्त को होने वाली संघ लोक सेवा आयोग (यूपीएससी) प्रारंभिक परीक्षा के बाद निर्धारित किया जाए । हालांकि बिहार लोक सेवा आयोग ने बीपीएससी मुख्य परीक्षा की तिथि 8 जुलाई से 30 जुलाई के बीच कराने का कार्यक्रम घोषित कर दिया है। दोनों परीक्षा का पैटर्न अलग-अलग है, इसलिए प्रदर्शन करने वाले छात्रों का कहना है कि बीपीएससी मुख्य परीक्षा की तिथि संघ लोक सेवा आयोग की प्रारंभिक परीक्षा के बाद निर्धारित की जाए क्योंकि दोनों परीक्षा का पैटर्न अलग अलग है और इससे छात्रों को समस्याओं का सामना करना पड़ेगा। उत्तर प्रदेश की सरकार ने यूपीपीएससी की तिथि में बदलाव कर दिया और अपने छात्रों को राहत दी । लेकिन बिहार सरकार को छात्रों की कोई चिंता नहीं है।
पहले भी हो चुका है प्रदर्शन
पिछले सप्ताह भी दिल्ली में रह रहे बिहार के हजारो छात्रों ने बिहार भवन पर एकत्रित होकर प्रदर्शन किया था। छात्रो के इस प्रदर्शन कोसंबोधित करते हुए जन अधिकार पार्टी के अध्यक्ष एवं सांसद राजेश रंजन उर्फ पप्पू यादव ने कहा था कि बीपीएससी मुख्य परीक्षा देने वाले छात्र परेशान हैं। वे अपनी परेशानी मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को बता चुके हैं लेकिन मुख्यमंत्री आंखे मूंदे हुए हैं। प्रशासनिक सेवा के इन अभ्यर्थियों की उन्हें कोई चिंता नहीं है और यह बिहार के हितों के खिलाफ है क्योंकि यही छात्र आने वाले दिनों में बिहार का प्रतिनिधित्व करेंगे।


