संतोष कुमार सिंह
#UriAttack में शहीद हुए सैनिकों की बेटियों की शादी में मदद करने का निर्णय हमने और सुपौल की सांसद रंजीत रंजन जी ने मिलकर लिया है । सभी परिवारों के संपर्क में रहेंगे । जब भी इन परिवारों में बेटियों की शादी होगी,पांच लाख रुपये की मदद करेंगे । #Bihar #IndianArmy #JAP। ये शब्द हैं जन अधिकार पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष राजेश रंजन उर्फ पप्पू यादव के। आप पप्पू यादव के इस घोषणा को सियासी जुमला और सुर्खियों में बने रहने की कवायद भी समझ सकते हैं क्योंकि नेता वादा करते रहे हैं। लेकिन पप्पू यादव को सेवा भाव को देखते हुए ऐसा नहीं लगता कि उन्होंने ऐसे ही कुछ कह दिया है।
पप्पू यादव लोकसभा के सांसद हैं। उनका नाम बिहार के बाहुबलियों में शुमार है। लेकिन जनता के प्रति सांसद के जुड़ाव को देखते हुए यह विश्वास करना मुश्किल है कि पप्पू यादव बाहुबली है। हर कदम पर जनता से जुड़ने की कवायद। सांसद पप्पू यादव ने कहा कि देश के लिए शहीद होने वाले सैनिकों के प्रति हमारा भी दायित्व बनता है। यह हमारा राष्ट्रीय दायित्व है। इस बात को ध्यान में रखकर दोनों(पति- पत्नी) सांसदों ने शहीदों की पुत्रियों की शादी के मौके पर पांच-पांच लाख रुपये देने का फैसला किया है। सांसद ने कहा कि उनके दिल्ली आवास में संचालित हो रहे ‘सेवाश्रम’ में सैकड़ों मरीज और उनके परिजन रहते हैं। उनके रहने-खाने का इंतजाम निःशुल्क किया जाता है। वहां देश भर से मरीज आते हैं। उन्होंने कहा कि उरी में शहीद होने वाले सैनिकों के प्रति सच्ची श्रद्धांजलि उनके आश्रितों व परिजनों की मदद ही हो सकती है और हम यही कोशिश कर रहे हैं।
कभी वे पूरे कोसी क्षेत्र में डॉक्टरों की ज्यादतियों के खिलाफ जनता के पक्ष में आंदोलन छेड़ते हुए सड़क पर नजर आते हैं तो कभी दिल्ली स्थित अपनी कोठी में जनता से बतियाते। पप्पू यादव की पत्नी रंजीत रंजन भी कांग्रेस से सांसद है। दोनो के सरकारी आवास सटे हुए है यानी 100 मीटर का फासला। यादव पत्नी को आवंटित बंग्ले में रहते हैं और अपने सरकारी आवास को पार्टी दफतर के साथ सेवाश्रम बना दिया है। इनका सेवाश्रम कस्तूरबा गांधी मार्ग के 11ए,बलवंत राय मेहता लेन में स्थित है । इस ‘सेवाश्रम’ में करीब पांच सौ मरीजों के रहने की व्यवस्था है । जहां बिहार सहित अन्य प्रदेशों से आये सैकड़ो मरीज न सिर्फ दिल्ली में चिकित्सा सेवा ले रहे हैं, अपितु पप्पू यादव के सेवाश्रम में उनके ईलाज से लेकर खाने—पीने रहने का बेहतर प्रबंध है। पप्पू यादव खुद इसकी देखरेख करते हैं ताकि किसी मरीज को कोई परेशानी न हो। उनके सरकारी आवास का दरवाजा मरीजों के लिए 24 घंटे खुला है। बस उस आवास में मरीज अपने परिजन के साथ आ जाएं उनके देखरेख की जिम्मेवारी पप्पू यादव की।
दिल्ली में बढ़ते डेंगू और चिकनगुनिया के मामलों को देखते हुए उन्होंने अपने सेवाश्रम को इन मरीजों की सेवा के लिए खोल दिया है। पिछले दो दिनों के भीतर वे हाल जानने को दिल्ली के लोक नायक जयप्रकाश नारायण अस्पताल और राम मनोहर लोहिया अस्पताल गये। हालत खराब है। सरकार अपने कर्तव्यों का पालन नहीं कर रही है । मरीज बाहर से दवा खरीदने को विवश है।
पप्पू बोले,उन्होंने एक ही बेड पर अलग-अलग परिवारों के मरीज देखे। यह व्यवस्था की अराजकता है । ऐसे में,बीमार ठीक नहीं हो सकता। सरकारी दावे खोखले हैं। अरविंद केजरीवाल तो झूठ मास्टर हैं ही। सबसे बड़ी बात कि परेशानी आम लोगों को हो रही है। बड़े लोग तो महंगे इलाज के लिए स्टार अस्पताल में जाते ही हैं। ऐसी खराब हालत को देख उन्होंने तय किया कि हम इलाज के लिए आगे आयेंगे।‘सेवाश्रम’ में विशेष व्यवस्था की बात भी उन्होंने कही। कहा-हमने ध्यान रखा है कि दूसरे मरीज प्रभाव में न आ जाएं । हमारे ‘सेवाश्रम’ में सबसे अधिक मरीज कैंसर,किडनी और लीवर की बीमारी के हैं। सबों के लिए मुफ्त रहने और खान-पान की व्यवस्था है। इलाज का विशेष ध्यान रखा जाता है। जरुरत के मुताबिक आर्थिक मदद भी की जाती है।


