20 हजार रुपये के निवेश से पार्वती ने खड़ा किया 50 लाख का कृषि व्यवसाय

0
118

तेलंगाना के संगारेड्डी जिले की रहने वाली पार्वती शेट्टी किसान परिवार से आती हैं। पार्वती ने 7वीं कक्षा तक पढ़ाई की और अपने परिवार के साथ गंगापुर गांव में रहती थीं। उनके पास 3 एकड़ ज़मीन थी और उन्होंने विरासत में मिले कृषि कौशल को अपनाने का भी फैसला किया। उन्होंने नकदी फसलें ज्वार और छोटे बाजरे की खेती शुरू की।

खेती में घाटा होने पर पार्वती ने ज्वार की रोटियां बेंची

एक समय आया जब पार्वती शेट्टी को ज्वार और बाजरा की खेती में भी घाटा हुआ। आर्थिक रूप से काफी नुकसान हुआ। फिर 2008 में वह हैदराबाद चली गईं और वहां ज्वार की रोटियां बेचना शुरू कर दिया। इस बिजनेस से भी उन्हें ज्यादा मुनाफा नहीं हुआ। कई तरह की आर्थिक दिक्कतें भी आईं लेकिन उनका का हौसला अडिग रहा, लेकिन उन्होंने अपना काम जारी रखा।

बाजरा उत्पादों के लिए प्रशिक्षण लिया और बाजार स्थापित किया

इसी बीच पार्वती शेट्टी आईसीएआर- भारतीय बाजरा अनुसंधान संस्थान के संपर्क में आईं। यहां से उन्होंने उन्नत बाजरा उत्पादन से लेकर बाजरा से बनने वाले खाद्य उत्पादों तक का प्रशिक्षण लिया। उन्हें बाजरे के स्वास्थ्य लाभों के बारे में पता चला। पार्वती शेट्टी ने अन्य लोगों को भी बाजरे के स्वास्थ्य लाभों के बारे में जागरूक करना शुरू कर दिया। उनका बिजनेस भी आगे बढ़ने लगा. पार्वती आज बाजरे से रोटी, नूडल्स, नमकीन, पोहा, बिस्कुट और पापड़ जैसे स्वादिष्ट उत्पाद तैयार करती हैं।
उन्होंने बाजरा आधारित एक नया उत्पाद ‘मिलोविट’ भी विकसित किया है। यह एक स्वास्थ्यवर्धक पेय है। पार्वती ने इस स्वास्थ्यवर्धक पेय को भारतीय खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण (एफएसएसएआई) के पास मंजूरी के लिए भेजा है।

पार्वती देतीं है कई महिलाओं को रोजगार

पार्वती शेट्टी तेलंगाना और विशाखापत्तनम (आंध्र प्रदेश) के किसानों को उन्नत बाजरा किस्मों के बीज भी उपलब्ध कराती हैं। फिर उन्हीं से बाजरा खरीदती है। इस प्रकार उन्होंने एक व्यवस्थित बाज़ार व्यवस्था का भी निर्माण किया। पार्वती कौशल विकास के लिए प्रशिक्षण शिविर और सेमिनार भी आयोजित करती हैं। उन्होंने कई महिलाओं को रोजगार दिलाने का भी काम किया है। उन्होनें 30 महिला किसानों का एक समूह बनाया है। ये महिलाएं उनके साथ काम करती हैं। अब वह अन्य महिला उद्यमियों के लिए एक महत्वपूर्ण प्रशिक्षक भी बन गईं हैं।

50 लाख रुपए का टर्नओवर

उनके उत्पाद स्थानीय क्षेत्र में अपनी अलग पहचान विकसित करने में सफल रहे हैं, स्थानीय क्षेत्र में इनके उत्पाद भवानी फूड्स के नाम से लोकप्रिय हैं। शुरुआत में उन्होंने 20,000 रुपये के निवेश के साथ अपना व्यवसाय शुरू किया। आज की तारीख में उनका सालाना टर्नओवर 50 लाख रुपये के करीब है। उन्हें सोसाइटी ऑफ मिलेट्स रिसर्च और आईसीएआर-इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ मिलेट्स रिसर्च, हैदराबाद द्वारा ‘बेस्ट मिलेट मशीनरी फैब्रिकेटर अवार्ड’ से सम्मानित किया गया है।

जी-20 में भी छाया रहा मिलेट्स

हाल ही में भारत की अध्यक्षता में सम्पन्न हुए G-20 सम्मेलन में भारत ने भोजन में मिलेट्स को बढ़ावा देने के लिए खूब जोर दिया। विदेशी मेहमानों को भी मिलेट्स से बने व्यंजनों को परोसा गया।

बाजरे की खेती किसानों के लिए फायदेमंद

ज्वार और बाजरा जैसे अनाज न केवल स्वास्थ्य के लिए बल्कि कृषि अर्थव्यवस्था के लिए भी अच्छे हैं। देश से कुपोषण को खत्म करने के लिए बाजरे को भी बढ़ावा दिया जा रहा है। सरकार को उम्मीद है कि इसकी खरीद बाजरे की खेती करने वाले किसानों की आय दोगुनी करने में मददगार साबित होगी। इसके अलावा, संयुक्त राष्ट्र महासभा ने 2023 को ‘अंतर्राष्ट्रीय बाजरा वर्ष’ भी घोषित किया है।

सेहत के लिए भी बाजरा काफी फायदेमंद

बाजरा न सिर्फ पाचन तंत्र को स्वस्थ रखने का काम करता है, बल्कि यह कई बीमारियों से भी बचाता है। बाजरे में फाइबर प्रचुर मात्रा में पाया जाता है। बाजरा ग्लूटेन फ्री होता है, जो शरीर के लिए फायदेमंद होता है। यह कब्ज की समस्या से छुटकारा दिलाने में भी मददगार है. बाजरा कोलेस्ट्रॉल लेवल को नियंत्रित करने में मदद करता है। जिससे दिल से जुड़ी बीमारियों का खतरा कम हो जाता है. इसके अलावा यह मैग्नीशियम और पोटेशियम का भी अच्छा स्रोत है, जो रक्तचाप को नियंत्रित करने में सहायक होते हैं। बाजरे में 11.6 प्रतिशत प्रोटीन, 5 प्रतिशत वसा, 67 प्रतिशत कार्बोहाइड्रेट तथा 2.7 प्रतिशत खनिज लवण पाये जाते हैं। बाजरे के पौधे का उपयोग पशुओं को खिलाने के लिए हरे और सूखे चारे के रूप में भी किया जाता है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here