
Monsoon: भीषण गर्मी से बेहाल उत्तर भारत के कई राज्यों को राहत मिलने के आसार हैं। दरअसल, दक्षिण पश्चिम मानसून तेजी से आगे बढ़ रहा है, जिसकी वजह से कई इलाकों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग के मुताबिक, 23 जून तक देश के अलग-अलग हिस्सों में गरज-चमक के साथ भारी बारिश और तेज हवाएं चलने की भविष्यवाणी की गई है। आईएमडी के मुताबिक, मानसून की गतिविधियां तेज होने वाली हैं। वहीं, दिल्ली-एनसीआर में भी मौसम सुहाना बना हुआ है। हालांकि, यहां मानसून की एंट्री 22-23 जून तक पहुंचने का अनुमान है।
दिल्ली में कैसा रहेगा आज का मौसम
दिल्ली में पिछले दिनों हुई बारिश के बाद शुक्रवार को आसमान में बादल छाए रहने के साथ कहीं-कहीं हल्की बारिश का अनुमान है। ऐसे में मौसम विभाग ने आंधी-तूफान और बिजली कड़कने की चेतावनी देते हुए ‘येलो अलर्ट’ जारी किया है। मौसम विभाग के अनुसार दिल्ली में 20 जून को 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। वहीं, शुक्रवार को अधिकतम तापमान 36 से 38 डिग्री और न्यूनतम तापमान 27 से 29 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का पूर्वानुमान व्यक्त किया गया है, इस दौरान दिल्ली वालों को लू से राहत रहेगी।
यहां 23 जून तक बारिश का अलर्ट
भारतीय मौसम विभाग (IMD) के ताजा अपडेट पर गौर करें तो 20 जून से 23 जून तक देश के कई इलाकों में भारी बारिश का अनुमान है। पूर्वी और मध्य भारत में मानसून की रफ्तार बढ़ने वाली है। ऐसे में मध्य प्रदेश, विदर्भ, छत्तीसगढ़, ओडिशा, बिहार, झारखंड और पश्चिम बंगाल में गंगा के मैदानी इलाकों में 21 जून तक मध्यम से भारी बारिश हो सकती है, इस दौरान गरज के साथ बिजली भी चमक सकती है और 40-50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं भी चल सकती हैं।
ये भी पढ़े…
DDA की सख्त कार्रवाई, दिल्ली में 1200 झुग्गियों पर चला बुलडोजर और हथौड़ा
पूर्व भारत में बारिश का रेड अलर्ट
दक्षिणी और पश्चिमी राज्यों में भी इस दौरान तेज बारिश की आशंका है। पूर्वोत्तर और उत्तर-पश्चिम भारत में भी भारी बारिश हो सकती है। तटीय क्षेत्रों में तेज हवाएं चलेंगी। IMD ने दिल्ली के लिए ऑरेंज अलर्ट भी जारी किया है। वहीं, पूर्वी भारत के राज्यों के लिए रेड अलर्ट जारी किया गया है। पश्चिमी भारत में गुजरात, कोंकण, गोवा और महाराष्ट्र में 20 जून तक को बहुत भारी बारिश होने की संभावना है। इसके अलावा 22 और 23 जून को यहां और भी तेज बारिश हो सकती है। इस क्षेत्र में हवा की गति 30-40 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है।
इन राज्यों में भी आज बरसेंगे बादल
उत्तर-पश्चिम भारत में पंजाब, हरियाणा उत्तराखंड, उत्तर प्रदेश और पूर्वी राजस्थान में भी भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। पूर्वी और पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कुछ इलाकों में 20 जून से 21 जून तक बहुत भारी बारिश हो सकती है। हिमाचल प्रदेश में 20 जून से 22 जून के बीच तेज बारिश होने की संभावना है। IMD ने तटीय इलाकों और समुद्र में 45 से 65 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की चेतावनी दी है। अरब सागर और बंगाल की खाड़ी में समुद्र की स्थिति खराब हो सकती है। वहीं, मछुआरों को इस दौरान समुद्र में न जाने की सलाह दी गई है।


