meteorological department: देश के आधे से अधिक हिस्से से दक्षिण-पश्चिम मानसून की वापसी हो चुकी है। भारत मौसम विभाग का अनुमान है की अगले तीन दिनों में पूरे भारत से इसकी वापसी हो जाएगी। भारत मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार 16 अक्टूबर तक पूरे देश से मानसून की वापस हो जाएगी। इसके बाद दक्षिण प्रायद्वीपीय भारत में पूर्वी और दक्षिणी हवाओं के प्रभाव से पोस्ट मानसून की बारिश शुरू होगी। मौसम विभाग का अनुमान है कि इस दौरान तमिलनाडु और आंध्र प्रदेश में अलग-अलग स्थानों पर बहुत भारी से अत्यंत भारी बारिश होने की संभावना है।
14 अक्टूबर को लेकर किए गए मौसम पूर्वानुमान में मौसम विभाग ने बताया है कि देश में चल रहे वर्तमान मौसम प्रणाली के प्रभाव में कर्नाटक, रॉयलसीमा, केरल, आंध्र प्रदेश और तेलंगाना में भारी बारिश का दौर देखा जा सकता है। इसे लेकर येलो और ऑरेन्ज अलर्ट जारी किया गया है। इसके साथ ही मौसम विभाग ने कहा है कि तमिलनाडु और आंध्र प्रदेश के मे 15-17 अक्तूबर के दौरान अलग-अलग स्थानों पर बहुत भारी से अत्यंत भारी वर्षा होने की संभावना है। मौसम विभाग ने इसे लेकर अलर्ट जारी किया है।
ये भी पढ़े…
पंजाब-हरियाणा बॉर्डर पर किसानों का आंदोलन ,सुप्रीम कोर्ट को किसानों ने नकारा
देश में चल रहे वर्तमान मौसम प्रणाली की बात करें तो पूर्वी-मध्य अरब सागर के ऊपर बना निम्न दबाव के क्षेत्र पश्चिम-उत्तर पश्चिम की ओर बढ़ने और अगले 12 घंटों के दौरान मध्य अरब सागर के ऊपर एक डिप्रेशन में तब्दील होने की संभावना है। इसके साथ ही दक्षिण बंगाल की खाड़ी के मध्य भागों में 14 अक्तूबर के आस-पास एक कम दबाव का क्षेत्र बनने की संभावना है। अब तक बिहार, झारखंड, पश्चिम बंगाल के सभी हिस्सों और सिक्किम से इसकी पूरी तरह से वापसी हो चुकी है। इसके साथ ही यह मध्य प्रदेश, ओडिशा, छत्तीसगढ़ और गुजरात के अधिकांश हिस्सों से वापसी कर चुका है।
पिछले 24 घंटों के दौरान, पूर्वी असम, अरुणाचल प्रदेश और तटीय आंध्र प्रदेश में हल्की से मध्यम बारिश के साथ कुछ स्थानों पर भारी बारिश दर्ज की गई। वहीं पूर्वोत्तर भारत के राज्यों असम, मेघालय, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा समेत तटीय आंध्र प्रदेश, तेलंगाना, विदर्भ, दक्षिण मध्य प्रदेश, कोंकण और गोवा, कर्नाटक, तमिलनाडु, केरल, लक्षद्वीप और दक्षिण गुजरात, तथा अंडमान और निकोबार द्वीप समूह में हल्की से मध्यम बारिश रिकॉर्ड की गई। झारखंड, ओडिशा, सिक्किम, छत्तीसगढ़, मराठवाड़ा और सौराष्ट्र और कच्छ में हल्की बारिश हुई। दक्षिण पूर्वी राजस्थान में 1 या 2 स्थानों पर हल्की बारिश हुई है।
