पठानकोट। दिल्ली में जंतर-मंतर पर 16 दिनों से धरना दे रहें पहलवानों के पक्ष में पठानकोट के कई संगठन उतर आए हैं। पहलवानों को न्याय दिलाने के लिए कांग्रेस सेवादल के कार्यकर्ताओं ने इंचार्ज विष्णु शर्मा, महिला सेवादल पंजाब की इंचार्ज ज्योति खन्ना, सेवा दल के जिला प्रधान गुलशन कुमार की अध्यक्षता में धरना दिया। इस मौके पर पंजाब कांग्रेस सेवादल के उपप्रधान सुभाष भार्गव, महासचिव अखिल सूरी, योगराज शर्मा, रमन नैय्यर, कुलदीप, मार्शल, रफीक मौजूद थे।
इधर, ब्राह्मण सभा ने भी पहलवानों का समर्थन किया है। ब्राह्मण सभा की ओर से अध्यक्ष अश्विनी शर्मा की अध्यक्षता में बैठक कर कुश्ती संघ के प्रधान के इस्तीफे की मांग करते हुए उनके खिलाफ आपराधिक मामला दर्ज करने की मांग की।
इस मौके पर अश्विनी शर्मा, बख्शी पहलवान, बल्ली पहलवान ने कहा कि कुश्ती महासंघ के प्रधान पर शर्मनाक आरोप लगे हैं। इससे अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत देश की साख को ठेस पहुंची है। उन्होंने कहा कि खिलाड़ी देश का शान होते हैं और इनके साथ किसी भी प्रकार का शोषण नहीं होना चाहिए।
उन्होंने कहा कि सरकार के खिलाड़ियों के आरोपों की स्वतंत्र एजेंसी से जांच करवा कर दूध-दूध और पानी का पानी करना चाहिए। इस मौके पर जिला प्रधान राज कुमार शर्मा, नरेंद्र पहलवान, मेहता पहलवान व अन्य मौजूद थे।
