अपराजिता संतोष
कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच आज हरियाणा के 36 ब्लॉक में पंचायत राज संस्थाओं के तीसरे और आखिरी चरण का मतदान 7663 पदों के लिए होगा। इनके लिए 20 हजार 831 उम्मीदवार चुनावी मैदान में डटे हैं। गांव की सरपंची किसे मिलेगी, इसका फैसला करीब 27 लाख मतदाताओं के हाथ में है। पंच और सरपंच पदों के लिए 24 जनवरी को मतदान खत्म होने के तुरंत बाद ही मतगणना शुरू कर दी जाएगी। देर रात तक परिणाम घोषित कर दिए जाएंगे। वहीं, पंचायत समिति और जिला परिषद सदस्यों के तीनों चरणों के नतीजों की घोषणा 28 जनवरी को की जाएगी। पहले चरण के लिए 10 जनवरी और दूसरे के लिए 17 जनवरी को मतदान हो चुका है।
अंतिम चरण में 18 हजार 553 पदों के लिए चुनाव होना था। इनमें से 10 हजार 441 पदों पर सर्वसम्मति से पंचायत प्रतिनिधि चुने जा चुके हैं। पंचों के 448 और सरपंच का एक पद योग्य उम्मीदवार नहीं मिलने की वजह से खाली रह गया है। इस चरण के लिए 42 हजार 35 लोगों ने नामांकन-पत्र दाखिल किए थे। 1074 के नामांकन रद्द हो गये और 9689 ने नाम वापस ले लिया था।
हरियाणा चुनाव आयुक्त राजीव शर्मा ने आज यहां कहा कि सभी उपायुक्तों और पुलिस अधिकारियों को निष्पक्ष, पारदर्शी और शांतिपूर्ण तरीके से चुनाव सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक निर्देश जारी कर दिए गए हैं। चुनाव आयुक्त ने कहा कि मतदान सुबह साढ़े सात बजे से लेकर शाम चार बजे तक चलेगा। 5231 मतदान केद्रों पर 2730926 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। उन्होंने बताया कि तीसरे चरण में 1021 अति संवेदनशील और 1154 संवेदनशील मतदान केंद्र हैं। इन मतदान केंद्रों पर कानून व्यवस्था कायम रखने के लिए पुलिस को अतिरिक्त बल तैनात करने को निर्देश दे दिया गया है।
इसके पहले हुए दो चरणों में राज्य के मतदाताओं, खासकर युवा मतदाताओं ने बढ़चढ कर भागीदारी की सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बाद उम्मीदवारों की न्यूनतम शैक्षणिक योग्यता अब युवाओं को खूब भा रही है। इससे पंचायत चुनाव में शिक्षित युवाओं की प्रतिभागिता पर सकारात्मक प्रभाव पड़ रहा है। इतना ही नहीं बड़ी संख्या में पढ़ी लिखी महिलाएं भी चुनाव जीत कर सरपंच बनी है। शुरूआत में यह कहा जा रहा था कि शिक्षा की अनिवार्यता के कारण चुनाव प्रभावित होगा लेकिन युवाओ के उत्साह ने यह जता दिया है कि लोगों को नयी व्यवस्था पसंद आई है। पंचायती राजनीति में युवाओं का दखल भी बढ़ता नजर आ रहा है, जिसे युवा काफी पसंद कर रहे हैं।
दूसरे चरण में 43 ब्लॉक में 17 जनवरी को वोटिंग हुई। इनमें पंचायत समिति के 999 वार्डों में से 956, सरपंचों के 1,970 में से 1,882 तथा पंचों के 20,126 में से 6,538 पदों पर चुनाव हुआ। इन पदों पर कुल 25, 404 प्रत्याशी मैदान में थे। जिनमें 15,880 पुरुष और 9,524 महिला उम्मीदवार रहे
