अक्षत सरोत्री
कोलकाता: कोलकाता में ट्रेनी डॉक्टर के रेप-मर्डर को लेकर मंगलवार को छात्रों और राज्य कर्मचारी संगठन का प्रदर्शन किया। पश्चिम बंगाल छात्र समाज और संग्रामी जौथा मंच नबन्ना अभिजान ने मार्च निकाला।
रैली दोपहर करीब 12.45 बजे शुरू हुई। लोगों ने हावड़ा से लगे संतरागाछी में बैरिकेडिंग तोड़ दी। इसके बाद पुलिस ने लाठीचार्ज किया। भीड़ को तितर-बितर करने के लिए आंसू गैस के गोले छोड़े और वाटर कैनन चलाई।
पुलिस ने बताया कि हिंसा के कारण प्रदर्शनकारियों की रैली को गैर-कानूनी करार दिया है। पुलिस की कार्रवाई में कई प्रदर्शनकारी जख्मी हुए हैं। भाजपा ने कल 12 घंटे का बंगाल बंद बुलाया है।
प्रदर्शनकारियों को नबन्ना जाने से रोकने के लिए 7 रास्तों पर तीन लेयर में फोर्स के 6 हजार जवान तैनात किए थे। 19 पॉइंट्स पर बैरिकेडिंग और 21 पॉइंट्स पर डीसीपी भी तैनात थे। हावड़ा ब्रिज को बंद कर दिया गया था।
नबन्ना, पश्चिम बंगाल सरकार का अस्थाई सचिवालय है, जहां मुख्यमंत्री, मंत्री और अफसर बैठते हैं। प्रदर्शनकारियों की रैली दोपहर करीब 12.45 बजे शुरू हुई। राइटर्स बिल्डिंग स्थित सचिवालय का रेनोवेशन चल रहा है।
इस पूरे मामले पर कांग्रेस नेता अधीर रंजन चौधरी ने मुर्शिदाबाद में कहा कि मुझे समझ नहीं आता कि प्रदर्शनकारियों को रोकने के लिए सरकार ने इतने अरेंजमेंट्स क्यों किए हैं? कई जगहों पर बैरिकेडिंग की गई है। विपक्ष और सत्ताधारी दल को आपस में बैठकर बात करनी चाहिए कि प्रदर्शन शांतिपूर्ण हो।
हावड़ा ब्रिज के पास प्रदर्शनकारियों ने जमकर प्रदर्शन किया। पुलिस ने प्रोटेस्टर्स को रोकने के लिए वाटर कैनन चलाई। पानी की बौछार के बीच एक साधु हाथ में तिरंगा लहराते दिखे।
बंगाल भाजपा अध्यक्ष सुकांत मजूमदार और पार्टी कार्यकर्ताओं को पुलिस ने रोक लिया। ये लोग कोलकाता पुलिस मुख्यालय जा रहे थे। मजूमदार की अगुआई में बीजेपी कार्यकर्ता कोलकाता पुलिस मुख्यालय के बाहर धरने पर बैठ गए।
अस्थाई राज्य सचिवालय नबन्ना के पास BNS की धारा 163 (CrPC की धारा 144) लगा दी गई है। यहां एक साथ 5 से ज्यादा लोग इकट्ठा नहीं हो सकेंगे। इसके अलावा यहां क्रेन के जरिए भारी कंटेनर भी सड़कों पर रखे गए हैं, ताकि प्रदर्शनकारी आगे न बढ़ पाएं।
आरजी कर अस्पताल में ट्रेनी डॉक्टर के रेप-मर्डर को लेकर कोलकाता में प्रदर्शन जारी हैं। पुलिस प्रदर्शनकारियों को हटाने की मशक्कत कर रही है। कोलकाता पुलिस की डिप्टी कमिश्नर इंदिरा मुखर्जी ने रिपोर्टर से कहा- जो भी होगा, हम देख लेंगे।
भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा ने कहा कि कोलकाता से पुलिस की मनमानी की तस्वीरों ने लोकतांत्रिक सिद्धांतों को महत्व देने वाले हर व्यक्ति को नाराज किया है। दीदी के पश्चिम बंगाल में दुष्कर्मियों और अपराधियों की मदद करना सही है, लेकिन महिला सुरक्षा के लिए बोलना अपराध है।
