किसानों के साथ सड़कों पर उतरी खाप पंचायतें

0
199

चरखी दादरी। पिछले दिनों हुई बारिश व ओलावृष्टि के चलते क्षेत्र में किसानों की बर्बाद हुई रबी फसलों की स्पेशल गिरदावरी गांव में ग्राम सभा के बीच करवाने सहित अन्य मांगों को लेकर किसानों के साथ खाप पंचायतें सड़कों पर उतर गई है। खापों की अगुवाई में किसानों ने रोष प्रदर्शन किया और लघु सचिवालय पहुंच कर काफी बवाल काटा। बाद में सीटीएम को सीएम के नाम मांगों को लेकर ज्ञापन सौंपा। इस दौरान खापों ने अल्टीमेटम दिया कि अगर उनकी मांगें नहीं मानी और किसानों पर कोई आंच आई तो पंचायत खापें एकजुट होकर किसान आंदोलन की तर्ज पर बड़ा आंदोलन करेंगी।

किसानों ने खाप पंचायतों के साथ किया रोष प्रदर्शन

फौगाट खाप की अगुवाई में सांगवान, श्योराण, पंवार, हवेली, सतगामा सहित दर्जनभर खापों के साथ किसान संगठनों के अलावा किसानों ने दादरी के रोज गार्डन में रोष मीटिंग की। मीटिंग में सर्वसम्मति से निर्णय लिया कि सरकार पोर्टल की बजाए गांवों में ग्राम सभा कर अधिकारियों द्वारा किसानों की ओलावृष्टि व बारिश से बर्बाद फसलों की गिरदावरी हो, प्रति एकड़ 50 हजार रुपए मुआवजा, बैंक का कर्ज व एक साल का बिजली बिल माफ करने बारे सरकार के नाम ज्ञापन सौंपा जाएगा। इसी कड़ी में किसानों ने खाप पंचायतों के साथ रोष प्रदर्शन किया और लघु सचिवालय पहुंचकर बवाल काटते हुए ज्ञापन सौंपा।

खापें एकजुट होकर महापंचायत करते हुए बड़े फैसले लेंगी

फौगाट खाप के प्रधान बलवंत नंबरदार ने कहा कि खाप पंचायतें किसानों के साथ हैं और किसानों की बर्बाद फसलों का मुआवजा दिलाने के साथ-साथ कर्ज व बिजली बिल माफी की मांग की गई है। अगर सरकार ने संज्ञान नहीं लिया तो खापें एकजुट होकर महापंचायत करते हुए बड़े फैसले लेंगी। किसानों पर कोई आंच नहीं आने देंगे। वहीं सीटीएम रेणुका नांदल ने कहा कि पोर्टल पर किसानों द्वारा अपनी शिकायत दर्ज करवानी होंगी वहीं अधिकारी भी फील्ड में पहुंचकर खराबे का आकलन करेंगे और किसानों को उनका पूरा हक दिलवाया जाएगा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here