चंदन कुमार
सुंदरनगर (मंडी): सांसद आदर्श ग्राम योजना के कायाकल्प की रफतार भले ही धीमी हो,और सरकार प्रधान मंत्री मोदी के द्वारा शुरू की इस योजना को तेजी से जमीन पर न उतरते देख थोड़ी परेशान हो,लेकिन मोदी सरकार के मंत्री इस योजना को परवान चढ़ाने के काम में लग गए हैं। बात करते हैं केंद्रीय स्वास्थय मंत्री जेपी नड्डा द्वारा आदर्श ग्राम के रूप में चयनित सुंदरनगर (मंडी जिले के डैहर पंचायत की। डैहर पंचायत को केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा द्वारा सांसद आदर्श ग्राम योजना के तहत गोद लेने के बाद अब सरकारी तंत्र डैहर पंचायत को आदर्श पंचायत बनाने के लिए कवायद तेज कर दी है। राज्यसभा सांसद जेपी नड्डा ने पिछले सप्ताह इस आदर्श ग्राम का दौरा किया। योजनाओं की बारीकी से समीक्षा की। स्थानीय जनता के साथ बातचीत करते हुए जगत प्रकाश नड्डा ने कहा कि डैहर के विकास के लिए 16 विभागों ने 150 योजनाएं बनाई हैं। इन योजनाओं को क्रियान्वित करने के लिए अधिकारियों के साथ ग्रामीणों को अपना सहयोग प्रदान करना होगा। उन्होंने डैहर गांव में विभिन्न विकास कार्यों के लिए पहली किस्त के रूप में एक करोड़ देने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि विकास के लिए धन की कमी को आड़े नहीं आने दी जाएगी। लेकिन यह धन सही तरीके से और सही समय पर खर्च किया जाना चाहिए। उन्होंने डैहर पंचायत के प्रतिनिधियों से आह्वान किया कि जनता ने उन्हें जो जिम्मेवारी सौंपी है, उस पर खरा उतरते हुए योजनाएं बनाएं और राशि को सही तरीके से खर्च करें। सुंदरनगर के लिए स्वीकृत मातृ-शिशु अस्पताल का कार्य भी प्रदेश सरकार शीघ्र शुरू करे। नड्डा ने कहा कि सांसद आदर्श ग्राम योजना का उद्देश्य गांवों को आत्मनिर्भर व स्वाबलंबी बनाना है। योजना के तहत सांसद द्वारा गोद लिए गए गांव में विभिन्न विकास कार्य पूर्ण किए जा रहे हैं।
नड्डा का कहना है कि सांसद आदर्श ग्राम योजना महात्मा गांधी की आदर्श ग्राम योजना से प्रेरित है। जिसमें आर्थिक विकास के साथ ग्रामीणों का सामाजिक विकास भी होना अनिवार्य है। सांसद आदर्श ग्राम योजना के तहत गांव में सड़क, भवन, स्वच्छता के साथ साथ लोगों को सुदृढ़ और आत्मनिर्भर बनाना भी इसका लक्ष्य है।
नड्डा ने कहा कि विकास कार्यों में ग्रामीणों की सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित कर उन्हें आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में कार्य किया जा रहा है। लोगों के कल्याण के लिए कई महत्वकांक्षी योजनाएं शुरू की गई हैं। इनमें जीवन ज्योति बीमा योजना, प्रधानमंत्री जनधन योजना, फसल बीमा योजना व सामाजिक सुरक्षा को सुदृढ़ करने वाली कई योजनाएं शामिल हैं। उन्होंने लोगों का आह्वान किया कि वे योजनाओं का पूरा लाभ उठाएं। उन्होंने किसानों से आग्रह किया कि वे मिट्टी की जांच करवाएं ताकि उपज बढ़ने से उनकी आर्थिकी मजबूत हो सके। इस बैठक में ग्राम पंचायत डैहर के प्रधान राजेश धीमान ने केंद्रीय मंत्री के समक्ष गांव की विभिन्न समस्याएं रखीं। जिनके ऊपर खर्च होनी वाली अनुमानित राशि का विवरण भी उन्होंने केंद्रीय मंत्री के समक्ष रखा।
केंद्रीय मंत्री की सक्रियता के बाद स्थानीय प्रशासन भी योजना को आगे बढ़ाने के काम में तेजी से लग गया है। सरकारी तंत्र डैहर पंचायत को आदर्श पंचायत बनाने के लिए कवायद तेज कर दी है। इसी कवायद के अंर्तगत मंगलवार को खंड़ विकास अधिकारी सुंदरनगर रमेश कुमार की अघ्यक्षता में अलसू पंचायत घर में बैठक हुई। बैठक में स्थानीय पंचायत के लोगों व पंचायत प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया। इस दौरान डैहर पंचायत के मुख्य स्थान जैसे स्कूल, मंदिर, अनाथालय, बाजार, पार्क, पंचायत घर को नक्शे पर दर्शाया गया। दूसरे नक्शे पर पंचायत के संसाधनों जैसे भूमि की किस्म, कृषि, बागवानी अथवा बंजर और प्राकृतिक स्रोतों व पानी की निकासी के लिए अलग नक्शा तैयार किया गया। नक्शों के निर्माण से अब डैहर पंचायत को आदर्श बनानेके लिए विशेषज्ञों द्वारा विशलेषण कर सुधार करने का तरीका बताया जाएगा। इस अवसर पर बीडीओ सुंदरनगर रमेश कुमार, एसबीपीओ राजेंद्र ,प्रधान राजेश ध्ीमान, उपप्रधान सरोज शर्मा, सचिव कांशीराम ठाकुर आदि मौजूद रहे।

