नई दिल्ली। देश में एक बार फिर से कोरोना का खतरा बढ़ता ही जा रहा है. दिल्ली से लेकर महाराष्ट्र तक में खतरनाक हो रहे कोरोना वायरस ने एक बार फिर से खतरे की घंटी बजा दी है और नए केसों में लगातार इजाफा हो रहा है. केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के आंकड़ों के अनुसार, भारत में बुधवार को कोविड 19 के 4,435 नए मामले दर्ज किए, जो 163 दिनों (पांच महीने और 13 दिन) में एक दिन में मामलों में आई सबसे बड़ी छलांग है, जबकि सक्रिय मामलों की संख्या बढ़कर 23,091 हो गई। पिछले साल 25 सितंबर को कुल 4,777 मामले दर्ज किए गए थे. ताजा मामलों के साथ, भारत की COVID-19 टैली 4.47 करोड़ (4,47,33,719) तक चढ़ गई। 15 मौतों के साथ देशभर में मरने वालों की संख्या बढ़कर 5,30,916 हो गई। बुधवार सुबह 8 बजे जारी अपडेट में यह जानकारी दी गई.सुप्रीम कोर्ट ने कोरोना के बढ़ते मामलों को देखते हुए वकीलों को वर्चुअली पेश होने की छूट दी. CJI डीवाई चंद्रचूड़ ने कहा कि कोरोना के बढ़ते मामलों के बीच वकील वर्चुअली सुनवाई के लिए पेश हो सकते हैं।
CJI डीवाई चंद्रचूड़ ने कहा कि हमें अखबारों के माध्यम से पता चला है कि कोरोना के मामले बढ़ रहे हैं। वकील हाइब्रिड मोड से सुनवाई में शामिल हो सकते है। वहीं, बढ़ते कोरोना केसों के चलते सुप्रीम कोर्ट ने अहम आदेश देते हुए वकीलों को वर्चुअली पेश होने की छूट दे दी है। कोविड से मृत्यु की बात करें तो महाराष्ट्र से चार मौतें हुईं, जबकि छत्तीसगढ़, दिल्ली, गुजरात, हरियाणा, कर्नाटक, पुडुचेरी और राजस्थान से एक-एक मौत की सूचना है. स्वास्थ्य मंत्रालय की वेबसाइट के अनुसार, National COVID-19 रिकवरी दर 98.76 प्रतिशत दर्ज की गई है। दैनिक सकारात्मकता दर 3.38 प्रतिशत और साप्ताहिक सकारात्मकता दर 2.79 प्रतिशत दर्ज की गई. बीमारी से उबरने वालों की संख्या बढ़कर 4,41,79,712 हो गई, जबकि मृत्यु दर 1.19 प्रतिशत थी। मंत्रालय की वेबसाइट के अनुसार, राष्ट्रव्यापी टीकाकरण अभियान के तहत अब तक कोविड-19 टीके की 220.66 करोड़ खुराक दी जा चुकी है।

