हमारे देश में लाभ कमाने के लिए कोई कुछ भी आपको बेच सकता है। आम तौर पर ऐसी कोई वस्तु शायद ही हो जो बिना मिलावट के उपलब्ध हो। उपभोक्ताओं के अधिकारों की रक्षा के लिए कई मिलावट प्रतिरोधी कानून बनाए गए हैं। इसके बावजूद धड़ल्ले से मिलावट होती है। दूध, मसाले, तेल आदि खाने के सामानों में मिलावट हम सब के लिए हानिकारक साबित हो सकते हैं। सबसे ज्यादा डेरी उत्पादों में मिलावट की जाती है। दूध उत्पादन के अनुपात में खपत कई गुना ज्यादा है। यह सोचने वाली बात है कि इसकी आपूर्ति कैसे होती है।
ऐसे ही मसालों जैसे हल्दी, धनियाँ, हींग आदि सबसे ज्यादा मिलावट किये जाने वाले सामान हैं।
स्वादिष्ट और खुशबूदार खाना बनाने के लिए हींग का इस्तेमाल बहुत आम है। लेकिन क्या आप जानते हैं कि हींग में कई बार साबुन और पत्थर भी मिलाया जाता है। ऐसे में आप जो हींग खा रहे हैं वो असली है या नहीं इस बात का पता हमारे बताए गए आसान टिप्स से हींग को परख सकते हैं।
हींग का इस्तेमाल मसालों में किया जाता है ज्यादातर घरों में सब्जी, दाल और रायते में तड़के में किया जाता है। अगर सब्जी में हींग का तड़का लगाया जाए तो स्वाद और भी बढ़ जाता है। अगर हींग का तड़का वाला व्यंजन हो तो स्वाद कई गुना बढ़ जाता है। हींग खाने का स्वाद बढ़ाने के साथ-साथ सेहत के लिए भी फायदेमंद होती है। हींग खाने से कई बीमारियाँ दूर रहती हैं। लेकिन जो हींग आप अपने खाने में इस्तेमाल कर रहे है है अगर वह नकली हुई तो स्वाद तो आने से रहा और उसमें मौजूद मिलावटी केमिकल आपको नुकसान भी पंहुचा सकते हैं। ऐसे में यह पहचानना बहुत जरूरी है कि जो हींग आप इस्तेमाल कर रहे हैं, वह असली है या नकली। नकली हींग खाने से आपको कई तरह के नुकसान भी हो सकते हैं। आज हम आपको असली हींग और नकली हींग को पहचानने की कुछ विधियां बताएँगे जिससे आप असली और नकली की आसानी से पहचान कर पाएंगे।
हींग में मिलावट का पता लगाना ज्यादातर लोगों के लिए मुश्किल होता है। ऐसे में लोग चाहकर भी नकली हींग की पहचान नहीं कर पाते हैं। इसलिए हम आपके साथ हींग की शुद्धता परखने के लिए कुछ टिप्स शेयर करने जा रहे हैं, जिन्हें फॉलो करके आप असली और नकली हींग के बीच का अंतर आसानी से समझ सकते हैं।
ऐसे करें असली और नकली हींग की पहचान:
• असली हींग की सबसे सरल पहचान उसकी तेज तीक्ष्ण गंध होती है। आप हींग को हाथ से छू कर साबुन से हाँथ धुलेंगे तो भी हींग की गंध नहीं जाती।
• हींग का रंग से भी उसके असली या नकली होने की पहचान कर सकते हैं। असली हींग का रंग हल्का भूरा होता है और जी ही इसे गर्म तेल में डालते हैं वैसे इसका रंग बदल कर लाल हो जाता है, ऐसे में अगर हींग का रंग ना बदले तो समझ जाएँ कि हींग नकली है।
• हींग के असली नकली पहचान करने की एक विधि और है, हींग ज्वलनशील होती है अतः इसे जब आग में डालते हैं तो तेजी से जलती है अगर हींग नकली हुई तो जलती नहीं है।
• हींग को परखने की सबसे सरल विधि यह है कि असली हींग की पहचान करने के लिए हींग को पानी में घोल लें। यदि पानी का रंग दूध जैसा सफेद हो जाए तो समझ लें की हींग असली है।

