वर्षा वर्मा
Bihar Politics: बिहार में नए साल के आगमन के साथ ही एक बार फिर से सरकार बदलने की चर्चा शुरू हो गई है। प्रदेश के नये राज्यपाल आरिफ मोहम्मद खान से मुलाकात के बाद लालू यादव ने मुख्मंत्री नीतीश कुमार को गुरुवार को एक बार फिर से महागठबंधन में आने का ऑफर दे दिया। उन्होंने कहा कि हमारे घर के दरवाजे नीतीश कुमार के लिए खुले हुए हैं। लालू यादव के इस आॉफर के बाद सीएम नीतीश कुमार ने खुद प्रतिक्रिया दी। उन्होने राजद प्रमुख लालू यादव के ऑफर को सिरे से खारिज करते हुए कहा कि क्या बोल रहे हैं, छोड़िये न.
लालू क्या बोल रहे हैं छोड़िये न
दरअसल राज्यपाल आरिफ मोहम्मद खान के शपथ ग्रहण समारोह के बाद जब मीडिया ने लालू के बयान का जिक्र करते हुए सवाल किया, तो मुख्यमंत्री ने कहा कि क्या बोल रहे हैं… छोड़िये न. एक टीवी चैनल को दिए इंटरव्यू में लालू यादव ने कहा था कि उनके दरवाजे सीएम नीतीश कुमार के लिए खुले हैं। और वह चाहें तो साथ आ सकते हैं, नीतीश कुमार भले ही भाग जाते हैं, लेकिन हमने उन्हें माफ कर दिया है। वहीं जदयू सांसद सह मंत्री ललन सिंह ने कहा कि -‘लालू जी क्या बोलते हैं, नहीं बोलते हैं, वो लालू जी ही जानें। हम लोग एनडीए में हैं और एनडीए में ही रहेंगे। बता दें कि लालू यादव ने हाल ही में यह कहा कि नीतीश कुमार अगर फिर से आते हैं तो हम साथ रहेंगे।
ये भी पढ़े…
केजरीवाल का केंद्र पर बड़ा आरोप, तीन कृषि कानून फिर लागू करने की तैयारी
भाजपा नेता हरिभूषण ठाकुर बोले…
भाजपा नेता हरिभूषण ठाकुर से जब लालू यादव के द्वारा नीतीश कुमार को ऑफर दिए जाने को लेकर सवाल किया गया तो उन्होंने मीडिया से बातचीत में कहा कि लालू जी सत्ता को ललचायी नजर से देख रहे हैं। उनका मंसूबा पूरा नहीं होगा। 2025 में 225 और 25 से 30 फिर से नीतीश होना है। एनडीए एकजुट है और 2025 में उनका (विपक्ष) सफाया हो जाएगा। भाजपा नेता ने कहा कि नीतीश कुमार नाराज नहीं है। वो बिहार के 13 करोड़ जनता के सुख-चैन कल्याण में दिन-रात लगे हुए हैं।
