
कुरुक्षेत्र: कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय में 7वें हरियाणा अंतर्राष्ट्रीय फिल्म महोत्सव का आगाज हुआ। जिसका उद्घाटन कुलपति प्रो. सोमनाथ सचदेवा ने किया। ये महोत्सव युवा एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम विभाग तथा संस्कृति सोसाइटी फॉर आर्ट्स एंड कल्चरल डेवलपमेंट के सहयोग से आयोजित किया जा रहा है।
महाभारत की द्रोपदी ने की कार्यक्रम में शिरकत
कार्यक्रम में महाभारत सीरियल में द्रौपदी का अभिनय करने वाली रूपा गांगुली ने कहा कि कुरुक्षेत्र की पावन धरा पर आकर मां भद्रकाली, ज्योतिसर व ब्रह्म सरोवर के दर्शन कर अभिभूत है और इस भूमि का नमन करती हैं। उन्होंने कहा कि अक्सर लोग फिल्म इंडस्ट्री व कलाकारों के बारे में बहुत कम जानते हैं और उनकों जैसा देखते हैं वैसा समझ लेते हैं।
कुलपति प्रो. सोमनाथ सचदेवा ने कहा कि पांच दिन तक चलने वाले इस अंतर्राष्ट्रीय फिल्म महोत्सव में 16 देशों की 19 भाषाओं में 75 अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर ख्याति प्राप्त फिल्में दिखाई जाएंगी जिनमें अध्यात्म और अभिनय, भारतीय सिनेमा में महिलाओं का योगदान, वर्तमान परिदृश्य में मीडिया की भूमिका, बाल फिल्में, महिला सशक्तिकरण आधारित फिल्में शामिल हैं।
अभिनेत्री शिखा मल्होत्रा की प्रस्तुति ने मचाया धमाल
7वें हरियाणा अंतर्राष्ट्रीय फिल्म महोत्सव के उद्घाटन अवसर पर अभिनेत्री शिखा मल्होत्रा द्वारा फिल्मी गीत जब प्यार किया तो डरना क्या, दिल चीज क्या है आप मेरी जान लीजिए, ढोल बाजे, आजा नचले आदि गीतों पर की गई मनमोहक नृत्य प्रस्तुति ने धमाल मचाया जिसको दर्शकों की खूब वाह वाही मिली।
फिल्म जगत में बहुमूल्य योगदान देने के लिए अभिनेत्री रूपा गांगुली को कुलपति प्रो. सोमनाथ सचदेवा व संस्कृति सोसाइटी फॉर आर्ट्स एंड कल्चरल डेवलपमेंट के निदेशक धमेंद्र डांगी द्वारा स्मिता पाटिल अवार्ड से सम्मानित किया। इस दौरान फिल्म जगत से आए व अन्य कलाकारों को भी सम्मानित किया गया।
