ग्रामोदय के रास्ते भारत उदय, पंचायती राज दिवस कार्यक्रम झारखंड में आयोजित होगा

0
1276

पंचायत खबर डेस्क

केंद्र सरकार पंचायती राज व्यवस्था की कमियों को दूर करने की व्यापक योजना बना रही है। आमतौर पर ग्रामीण स्तर पर लोगों को केंद्र की योजनाओं की जानकारी नहीं पहुंचती और बिचौलिए सामाजिक क्षेत्र एवं ग्राम विकास की ज्यादातर योजनाओं का लाभ लेते हैं और जमीन पर जो पहुंचता है वह काफी कम होता है। इसके लिए सरकार ने ग्रामोदय से भारतोदय की योजना बनाई है।

14 अप्रैल से 24 अप्रैल, 2016 के बीच, केंद्र सरकार राज्‍यों और पंचायतों के सहयोग से, ‘ग्रामोदय से भारत उदय अभियान’ का आयोजन करेगी। अभियान का लक्ष्‍य समस्‍त गांवों में पंचायती राज व्‍यवस्‍था को सुदृढ़ करके, सामाजिक सद्भाव बढ़ाने, ग्रामीण विकास को बढ़ावा देने, किसानों की प्रगति और गरीब लोगों की जीविका के लिए राष्‍ट्रव्‍यापी प्रयास करना है। 14 अप्रैल, 2016 को प्रधान मंत्री मध्‍य प्रदेश के मऊ से ग्राम उदय से भारत उदय अभियान का शुभारंभ करेंगे। 24 अप्रैल, 2016 को प्रधान मंत्री जमशेदपुर से देश की सभी ग्राम सभाओं को संबोधित करेंगे । जिसमें देश भर से चयनित पंचायत प्रतिनिधि भाग लेंगे। जन प्रतिनधि, केन्‍द्र सरकार के अधिकारी तथा राज्‍य सरकार के अधिकारी, ग्राम सभाओं में भाग लेंगे। ग्रामीणजन ग्राम एवं देश के विकास हेतु संकल्‍प करेंगे।

panchayat bhawan_n

इसके पूर्व दिनांक 14 से 16 अप्रैल, 2016 के मध्‍य पंचायती राज मंत्रालय और सामाजिक न्‍याय एवं अधिकारिता मंत्रालय द्वारा संयुक्‍त रूप से एक ‘सामाजिक समरसता कार्यक्रम’ का आयोजन सभी ग्राम पंचायतों में किया जाएगा। इस कार्यक्रम में, ग्रामीण, डॉ. अम्‍बेडकर का सम्‍मान करेंगे, और सामाजिक सद्भाव को मजबूत बनाने का संकल्‍प लेंगे। सामाजिक न्‍याय को प्रोत्‍साहित करने के लिए सरकार की विभिन्‍न स्‍कीमों से संबंधित सूचना उपलब्‍ध करायी जाएगी। 17 से 20 अप्रैल 2016 के बीच ग्राम पंचायतों में ‘ग्राम किसान सभाएं’’ आयोजित की जाएंगी। इस कार्यक्रम का लक्ष्‍य कृषि को बढ़ावा देना है। इन सभाओं में कृषि से संबंधित स्‍कीमों जैसे कि फसल बीमा योजना, सामाजिक स्‍वास्‍थ्‍य कार्ड इत्‍यादि के विषय में जानकारी उपलब्‍ध करायी जाएगी और कृषि में सुधार लाने के लिए, कृषकों के सुझाव प्राप्‍त किए जायेंगे। राष्‍ट्रीय पंचायती राज दिवस के लिए ग्राम सभा बैठकों के मुख्‍य समारोह से पूर्व, 10 राज्‍यों के पांचवी अनुसूची क्षेत्रों के जनजातीय महिला ग्राम पंचायत अध्‍यक्षों की एक राष्‍ट्रीय बैठक 19 अप्रैल 2016 को विजयवाड़ा में आयोजित की जाएगी जिसका मुख्‍य विषय पंचायत और जनजातीय विकास होगा। देश भर में 21,22,23 और 24 अप्रैल, 2016 को ग्राम सभा बैठकें आयोजित की जायेगी। इस दिन, गांव में प्रभातफेरी, स्‍वच्छता पर कार्यक्रम, खेलकूद कार्यक्रम के साथ-साथ सांस्‍कृतिक कार्यक्रम संपन्‍न किए जायेंगे।

इन ग्राम सभाओं में चर्चा हेतु शामिल विषय निम्‍नवत होंगे :-

• स्‍थानीय आर्थिक विकास के लिए ग्राम पंचायत विकास योजनाएं,

• पंचायती राज संस्‍थाओं को प्रदाय राशि का ठीक उपयोग हेतु उपलब्‍ध निधियां

• स्‍वच्‍छ पेयजल एवं स्‍वच्‍छता

• ग्राम एवं ग्रामीण विकास में महिलाओं की भूमिका

• अनुसूचित जातियों, अनुसूचित जन जातियों, दिव्‍यांग व अन्‍य हाशिए पर के वर्गों के कल्‍याण सहित सामाजिक समावेशन सामाजिक-आर्थिक विकास के लिए विभिन्‍न योजनाओं से संबंधित जानकारी सुलभ करायी जायेगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here