
अपराजिता संतोष
केन्द्रीय जल संसाधन, नदी विकास और गंगा संरक्षण मंत्री सुश्री उमा भारती ने उत्तर प्रदेश के हापुड़ जिले के ग्राम पुठ में गंगा ग्राम योजना की शुरूआत की। इस योजना के तहत गंगा के किनारे स्थित 1600 गांवों का विकास किया जाएगा। पहले चरण में इस योजना के तहत 200 गांवों का चयन किया गया है। इन गांवों की खुली नालियों एवं नालों को गंगा में गिरने से रोककर कचरा निकासी और उसके शोधन की वैकल्पिक व्यवस्था की जाएगी। गांवों में पक्के शौचालयों का निर्माण किया जाएगा। गंगा ग्राम योजना के तहत प्रत्येक गांव पर एक करोड़ रूपए खर्च किए जाएंगे। इन गांवों का सिचेवाल मॉडल के तहत विकास किया जाएगा। सिचेवाल पंजाब का वह गांव है जहां ग्रामवासियों के सहयोग से जल प्रबंधन और कचरा निकासी की उत्तम व्यवस्था की गई।
नमामि गंगे कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए एक महत्वपूर्ण पहल के तहत थल सेना की मदद से बनायी गई गंगा वाहिनी बटालियन की पहली कंपनी की कल गढ़मुक्तेश्वर में तैनाती की गई। इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए केन्द्रीय जल संसाधन, नदी विकास और गंगा संरक्षण मंत्री सुश्री उमा भारती ने कहा कि ऐसी तीन और कंपनियां कानपुर, वाराणसी और इलाहबाद में शीघ्र ही तैनात की जाएंगी। उमा भारती ने इस अवसर पर यह भी कहा कि गंगा वाहिनी के जवान गंगा के तट पर तैनात रहेंगे और यह सुनिश्चित करेंगे कि औद्योगिक इकाइयां और नागरिक गंगा को प्रदूषित ना करें। लेकिन उन्होंने कहा कि गंगा को स्वच्छ रखना सिर्फ इन सैनिकों की ही जिम्मेदारी नहीं है बल्कि इस पावन नदी के तट पर रहने वाले प्रत्येक भारतीय का यह कर्तव्य बनता है कि वह इस नदी को स्वच्छ बनाए रखने में अपना योगदान कर जब तक देश का प्रत्येक नागरिक अपनी इस जिम्मेदारी को नहीं समझेगा तब तक गंगा को स्वच्छ बनाने का प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का यह भागीरथ प्रयास सार्थक नहीं होगा।
इससे पहले उमा भारती ने गढ़मुक्तेश्वर के भागीरथ इंटर कालेज में आयोजित एक समारोह में नमामि गंगे चित्र प्रतियोगिता में पुरस्कार जीतने वाले बच्चों को पुरस्कार प्रदान किए। उमा भारती ने गढ़मुक्तेश्वर में गंगा के किनारे निर्माणाधीन दो सीवेज ट्रीटमेंट संयत्रों का भी निरीक्षण किया। जिनके इस वर्ष जून तक तैयार हो जाने की संभावना है। उन्होने गढ़मुक्तेश्वर में नमामि गंगे चित्रप्रदर्शनी का भी उद्घाटन किया यहां उन्होंने उपस्थित जन समुदाय को गंगा को स्वच्छ रखने की शपथ दिलाई। इतना ही नहीं उमा भारती ने स्थानीय अधिकारियों के साथ गढ़मुक्तेश्वर में नमामि गंगे कार्यक्रम की प्रगति की भी समीक्षा की।

