हरियाणा में किसान की मेहनत पानी में: मंडियों में भीगा 20 लाख मीट्रिक टन गेहूं, खरीद और उठान प्रभावित

0
132

चंडीगढ़। हरियाणा में एक बार फिर बेमौसम बारिश ने किसानों के पीले सोने को भीगो दिया। अभी प्रदेश भर की अनाज मंडियों में करीब 33 लाख मीट्रिक टन गेहूं उठान न होने से पड़ा हुआ है। बुधवार को हुई बारिश और ओलावृष्टि से मंडियों में करीब 20 लाख मीट्रिक टन गेहूं भीग गया। इस दौरान केवल शेड के नीचे रखा गेहूं ही भीगने से बच पाया। शेष गेहूं को बारिश से बचाने के लिए कोई इंतजाम नहीं दिखे।

अभी तक सिर्फ 9.87 लाख मीट्रिक टन गेहूं गोदामों में पहुंच पाया है। अब उन किसानों के सामने परेशानी खड़ी हो गई है, जिनका गेहूं मंडियों में तो आ चुका है लेकिन अभी उसकी खरीद नहीं हो सकी है। बारिश में भीगने के कारण गेहूं में नमी बढ़ेगी और खरीद में देरी होगी। उधर, किसानों पर संकट के बादल अभी टले नहीं हैं। मौसम विशेषज्ञों के अनुसार अभी 22 अप्रैल तक बारिश के आसार हैं।

जींद, कुरुक्षेत्र, पानीपत और कैथल में 15 मिनट गिरे ओले

बुधवार सुबह से शाम तक बादलों की आवाजाही बनी रही। दोपहर बाद चंडीगढ़, पंचकूला, अंबाला, यमुनानगर, कुरुक्षेत्र, जींद, कैथल, करनाल, पानीपत, रोहतक, झज्जर, गुरुग्राम आदि जिलों में हल्की बारिश और 30-40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलीं। इसके अलावा उचाना और जींद के बीच लगभग 30 गांवों, कुरुक्षेत्र, पानीपत और कैथल में कहीं-कहीं 15 मिनट तक ओलावृष्टि हुई। जींद के गांव जलालपुर कलां के दिनेश ने बताया कि ट्रैक्टर-ट्रॉली से गेहूं घर लेकर आ रहा था। बारिश व ओलावृष्टि से ट्रॉली में रखा गेहूं भीग गया। उसे गेहूं ढकने का भी समय नहीं मिला। मौसम के बदलाव के कारण अधिकतम तापमान में 6 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट आई।

 

आगे ऐसा रहेगा मौसम

मौसम विशेषज्ञ डॉ. चंद्रमोहन ने बताया कि मध्यम श्रेणी का पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने से राजस्थान, पंजाब, हरियाणा, एनसीआर व दिल्ली के मौसम में बदलाव देखने को मिल रहा है। इसका असर 22 अप्रैल तक रहेगा। सिरसा, फतेहाबाद, हिसार, कैथल, जींद, कुरुक्षेत्र, करनाल, अंबाला, यमुनानगर व पंचकूला इसका अधिक प्रभाव देखने को मिलेगा। इन क्षेत्रों में तेज गति से हवा चलने, मध्यम श्रेणी की बारिश और एक दो स्थानों पर गरज चमक के साथ ओलावृष्टि की संभावना है। इसके अलावा भिवानी, रोहतक, झज्जर, सोनीपत व पानीपत में हल्की से मध्यम बारिश होगी।

45 लाख एमटी की आवक, 41 लाख एमटी गेहूं खरीदा

हरियाणा में अब तक 7,15,564 किसानों का 45,14,613 मीट्रिक टन गेहूं की आवक हो चुकी है। इसमें से 6,58,771 किसानों का 41,53,539 मीट्रिक टन गेहूं खरीदा जा चुका है। 5,97,420 गेट पास के मुकाबले आए 38,42,085 एमटी गेहूं के 8,164 करोड़ रुपये के जे फार्म काटे जा चुके हैं। अब तक एफसीआई 1,32,791 एमटी, खाद्य एवं आपूर्ति विभाग 12,42,553 एमटी, हरियाणा वेयर हाउस कारपोरेशन 6,23,071 और हैफेड ने 18,28,767 एमटी गेहूं की खरीद की है।
मौसम में बदलाव के चलते सभी जिलों के डीसी और डीएफएससी को उठान में तेजी लाने का आदेश दिया है। मंडियों से गेहूं तत्काल उठाने की प्रक्रिया में तेजी लाने के लिए कुछ उपाय करना अनिवार्य हो जाता है। स्वीकृत ठेकेदारों के अतिरिक्त एमएलसी और एमटीसी की स्वीकृत दरों पर अन्य ट्रांसपोर्टरों व आढ़तियों से गेहूं उठाने में तेजी लाई जाएगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here