सहारनपुर। यूपी निकाय चुनाव को लेकर राज्य निर्वाचन आयोग ने तारीख का ऐलान कर दिया है। यूपी में दो चरणों में 4 मई और 11 मई को मतदान होगा। जबकि 13 मई को नतीजे आएंगे।सहारनपुर मंडल के अंतर्गत सहारनपुर नगर निगम, चार नगर पालिका और सात नगर पंचायत, नगर पालिका मुजफ्फरनगर, शामली नगर पालिका और नपा कांधला, कैराना और खतौली सीट पर पहले चरण में यानी 4 मई को चुनाव होंगे।
निकाय चुनाव की तिथि वार डिटेल
पहले चरण में 11 से 17 अप्रैल तक नामांकन जमा होंगे। 20 अप्रैल को नाम वापसी होगी। वहीं, दूसरे चरण में 17 से 24 अप्रैल तक नामांकन जमा होंगे। 27 अप्रैल को नाम वापसी होगी। इससे पहले निकाय चुनाव आरक्षण की नई लिस्ट जारी हुई। 232 आपत्तियों के निस्तारण के बाद अधिसूचना जारी की गई। इसके बाद आचार संहिता लागू हो गई है। नगर निगम का चुनाव EVM से होंगे। जबकि नगर पंचायत का चुनाव बैलेट पेपर से कराया जाएगा। यूपी में कुल 760 निकाय हैं। इसमें 17 नगर निगम, 199 नगर पालिका और 544 नगर पंचायत हैं।
सहारनपुर में नगर निगम में पिछड़ा वर्ग का होगा मेयर
नगर निगम की सीट पिछड़ वर्ग के लिए आरक्षित हुई है। वहीं नगर पालिका परिषद सरसावा की सीट अनुसूचित जाति महिला, नपा नकुड़ की सीट अनारक्षित, नपा गंगोह की सीट पिछड़ा वर्ग महिला, नपा देवबंद की सीट अनारक्षित, नपा मुजफ्फरनगर की सीट महिला, नपा कांधला शामली की सीट अनारक्षित, नपा शामली की सीट अनारक्षित, नपा कैराना की सीट पिछड़ा वर्ग, नपा खतौली की सीट पिछड़ा वर्ग की गई है।
9.15 लाख मतदाता करेंगे वोटिंग
सहारनपुर के 12 नगरीय निकायों में 915160 मतदाता प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला करेंगे। जिले में सबसे अधिक 621450 मतदाता नगर निगम में है। सबसे कम 8905 मतदाता नगर पंचायत तीतरों में हैं। इनमें एक नगर निगम, चार नगरपालिका परिषद और सात नगर पंचायतें शामिल हैं। इन सभी नगर निकायों में 264 वार्ड हैं। मतदान के लिए 242 मतदान केंद्र और 898 मतदान स्थल बनाए जाएंगे।
