धरनई पंचायत में बनेगा स्टेडियम..नी​तीश ने मानी मांग

0
724

अमरनाथ झा
जहानाबाद:सूबे के मुखिया नीतीश कुमार ने आज जहानाबाद स्थित मखदुम प्रखंड के धरनई पंचायत का दौरा किया। वे इन दिनों अपने सात निश्चय को पूरा करने के लिए बिहार के अलग—अलग जिलों के दौरे पर हैं। धरनई पहुंचने के बाद नीतीश कुमार ने वहां महादलित टोले में घूम-घूम कर विकास कार्यों का जायजा लिया। इसी क्रम में उन्होंने पंचायत सरकार भवन के पास बनाये गये स्वास्थ्य उपकेंद्र उद्घाटन किया। धरनई गांव के वार्ड नंबर 09 एवं 10 के महादलित टोले में बनाये गये शौचालयों ,मॉडल आंगनबाड़ी केंद्र ,स्वास्थ्य उपकेंद्र, पंचायत सरकार भवन का दौरा किया। ग्रामीणों के साथ संवाद कार्यक्रम में लोगों से रूबरू होते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार समयसीमा के भीतर सात निश्चय को पूरा करेगी। सरकार की कोशिश है कि बिना मांगे आम जनता की बुनियादी जरूरतों को पूरा किया जाये। वर्ष 2018 के अंत तक पूरे सू्बे में हर घर तक बिजली उपलब्ध हो जायेगी। चार साल के भीतर हर घर में नल का जल लोगों को मिलेगा।

..इधर आवअ इंदू देवी

शराब बंदी के सरकार के प्रयासों की चर्चा करते हुए मुख्यमंत्री ने मंच पर आसीन एक महिला को आवाज लगाई..इधर आवअ इंदू देवी। मंच पर ही बैठीं इंदू देवी जब मुख्यमंत्री के पास आयीं तो नीतीश ने कहा कि  … पटना में नारी सशक्तीकरण पर आयोजित कार्यक्रम में जब वे गये थे, तो चार महिलाओं ने उन्हें शराबबंदी की मांग उठायी थी, जिसमें धरनई की इंदू देवी भी शामिल थी। सीएम ने कहा कि उन चार महिलाओं की बात सुनने के बाद ही उन्होंने पूरे बिहार में पूर्णत: शराबबंदी कानून लागू करने का संकल्प लिया था। आज पूरे सूबे में सुंदर माहौल बना है। लोगों की सुख-शांति और खुशियां लौटी हैं। लगे हाथो नीतीश कुमार ने पंचायत के मुखिया अजय यादव द्वारा सौंपे गये मांग पत्र में से धरनई टोला विशुनपुर के खेल मैदान में स्टेडियम निर्माण कराने की घोषणा की। साथ ही यह भी कहा कि ओपी भवन के निर्माण के लिए शीघ्र टेंडर होगा।


मुखिया अजय यादव ने की अन्य मांग
मुख्यमंत्री के समक्ष अपने संबोधन में स्थानीय मुखिया अजय यादव ने पंचायत की जरूरतों के मद्देनजर कई सुविधायें उपलब्ध कराने की मांग रखी।   स्टेडियम का निर्माण, पंचायत भवन की घेराबंदी, धरनई सूर्य मंदिर के समीप विवाह मंडप, अतिरिक्त प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, उमता में पशु अस्पताल,मंदिर के पास अवस्थित तालाब का सीढ़ी घाट, फल्गु नदी से निकली कमल धारा, पइन की खुदाई, उमता-धरनई स्वीकृत पुलिस ओपी भवन निर्माण पुरा कराने, धरनई महादलित टोले में नवसृजित प्राथमिक विद्यालय की स्थापना, बराबर रेलवे हॉल्ट को स्टेशन का दर्जा  देने सहित अन्य कई मांग शामिल थे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here