शहडोल। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने 327.51 करोड़ लागत की भन्नी सूक्ष्म सिंचाई परियोजना का शिलान्यास किया। इस सिंचाई परियोजना से ब्यौहारी क्षेत्र के लगभग 42 गांव की 18300 हेक्टेयर भूमि सिंचित होगी। यह सिंचाई परियोजना वर्ष 2026 तक बनकर तैयार हो जाएगी। इसके पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने 116 करोड़ की लागत वाली हिरवाह सूक्ष्म परियोजना का लोकार्पण किया।
उन्होने कहा कि पूरे प्रदेश में बडे जलाशयों के आसपास के ग्रामो में किसानों के खेतों में उद्वहन सिंचाई योजना के माध्यम से पानी पहुंचाने का अभियान चलाया जाएगा। ब्यौहारी विधानसभा क्षेत्र की ग्राम पंचायत बहेरिया में 116 करोड़ की लागत से बनाई गई हिरवाह सूक्ष्म सिंचाई परियोजना से 37 ग्रामों के 7481 हेक्टेयर में सिचाई सुविधा का विस्तार हुआ है। गुजरात अहमदाबाद से आए कंपनी के रिजनल मैनेजर ऋषि केश शर्मा ने बताया कि प्रदेश में पहली बार उद्वहन सिंचाई योजना में 1400 एचपी के पंप लगाए गए है। इससे किसानों की असिंचित भूमि सिंचित होगी और व फसलों की बेहतर पैदावार ले सकेंगे।
