
Lucknow: लखनऊ के बख्शी का तालाब थाना क्षेत्र के मवई खातरी गांव में शनिवार को डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा को लेकर विवाद उत्पन्न हो गया। सूत्र के मुताबिक, सरकारी जमीन पर रखी गई प्रतिमा को हटाने पहुंचे प्रशासनिक अधिकारियों और पुलिस टीम को स्थानीय ग्रामीणों के भारी विरोध का सामना करना पड़ा। विरोध प्रदर्शन के दौरान स्थिति तनावपूर्ण हो गई और प्रदर्शनकारियों ने पुलिस टीम पर पथराव कर दिया। इस घटना में महिला थाना प्रभारी मेनका सिंह समेत कई पुलिसकर्मी घायल हो गए। घटना के बाद इलाके में भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है और स्थिति पर नियंत्रण पाने का प्रयास किया गया।
सूत्रों के अनुसार, तीन दिन पहले गांव में चोरी-छिपे बाबा साहब अंबेडकर की प्रतिमा स्थापित कर दी गई थी। शनिवार को दोपहर करीब दो बजे प्रशासन और पुलिस की संयुक्त टीम जिसमें बीकेटी, इटौंजा, महिंगवा और मड़ियांव थानों की पुलिस के साथ पीएसी और महिला थाना बल भी शामिल था, मौके पर पहुंची।
ये भी पढ़े…
आगरा में राणा सांगा जयंती पर करणी सेना का “रक्त स्वाभिमान सम्मेलन”
प्रतिमा हटाने के प्रयास का ग्रामीणों ने जोरदार विरोध किया। देखते ही देखते बड़ी संख्या में महिलाएं और पुरुष इकट्ठा होकर नारेबाजी करने लगे। पुलिस ने समझाने की कोशिश की, लेकिन प्रदर्शनकारियों ने अचानक पथराव शुरू कर दिया। स्थिति बिगड़ते देख पुलिस ने पांच राउंड टियर गन का प्रयोग किया।
फिलहाल स्थिति तनावपूर्ण बनी हुई है। लेकिन पुलिस और प्रशासन हालात को काबू में करने में जुटे हैं। पूरे इलाके में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया है और हालात पर कड़ी निगरानी रखी जा रही है।


