संतोष कुमार सिंह
नई दिल्ली: देश में पुराने नोटों की वापसी पर सरकार के फैसले को लेकर उहापोह की स्थिति है। जनता बैंक और एटीएम की लाईन में लगकर अपने सफेद को और सफेद करने में लगी है। साथ ही ऐसी भी खबर है कि लोग तमाम तरीके के तरीके अख्तियार कर अपने काले को सफेद बनाने का जुगत भिड़ाते रहे हैं। किसानों को खेती किसानी में होने वाली परेशानियों को लेकर भी चिंता जताई गयी है, कहा जा रहा है कि इस फैसले से किसान प्रभावित होंगे। हालाकि सरकार किसानों को राहत देने के लिए अपनी ओर से सुविधा देते हुए रबी फसल की बुवाई के समय को ध्यान में रखते हुये सरकार ने यह निर्णय लिया है कि किसानों को उनके कृषि-ऋण तथा किसान क्रेडिट कार्ड पर प्रति सप्ताह 25,000 रुपये कैश निकालने की अनुमति है। जिन किसानों ने खरीफ़ फसल का उत्पाद मण्डियों में बेचा था, वे सभीकिसान अपने बैंक खाते से 25,000 रुपये कैश निकाल सकते हैं।
इस बीच दुनिया की जानी-मानी आइटी कंपनी माइक्रोसॉफ्ट के संस्थापक बिल गेट्स ने सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री रविशंकर प्रसाद से मुलाकात कर सहयोग का हाथ बढ़ाया है। गेट्स का कहना है कि वे भारत में गरीबों को डिजिटल प्लेटफार्म से जोड़ने, स्वास्थ्य के क्षेत्र में आइटी के इस्तेमाल, ई-एग्रीकल्चर और ई-पेमेंट के क्षेत्र में मदद करेंगे। भारत में स्वास्थ्य के क्षेत्र में बिहार, उत्तर प्रदेश जैसे राज्यों में पहले से ही महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही बिल एंड मेलिंदा गेट्स फाउंडेशन हैल्थ एप्लीकेशंस, एग्रीकल्चर एप्लीकेशंस के क्षेत्र में काम करने को प्रतिबद्धता जताई है।
सूचना एवं प्रसारण मंत्री रविशंकर प्रसाद के साथ हुई अपने आधे घंटे के संक्ष्प्ति मुलाकात के बाद बिल गेट्स ने कहा कि भारत में डिजिटल प्लेटफार्म की अपार संभावनाएं हैं। उन्होंने कहा कि भारत सरकार ने पेमेंट बैंक और पेमेंट ढांचागत सुविधाओं में निवेश किया है। ऐसे में यह जरूरी है कि अब इसके लिए एप्लीकेशंस तैयार किए जाएं। इसलिए आइटी मंत्रालय के साथ उनके संबंध बेहद महत्वपूर्ण हैं। बिल गेट से हुई बातचीत पर रविशंकर ने भी कहा कि गेट्स ने ई-पेमेंट और ई-एग्रीकल्चर के क्षेत्र में सहयोग की इच्छा प्रकट की है और इन क्षेत्रों के संबंध में अपने विचार प्रकट किए हैं। साथ ही आधार तथा आधार बेस्ड पेमेंट स्टिम के बारे में भी चर्चा हुई है।
गौरतलब है कि गेट्स प्रधानमंत्री के निमंत्रण पर भारत में ‘ट्रांसफॉर्मिग इंडिया’ लेक्चर सीरिज के तहत नीति आयोग में बुधवार को व्याख्यान दिया। एक सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि वह सरकार के साथ स्वास्थ्य के क्षेत्र में स्वास्थ्य रिकार्ड से लेकर अस्पतालों में सक्षमता बढ़ाने के लिए सहयोग करने को तैयार हैं।
