पटना: अगर आप गांव में रहकर अपनी जमीन पर सब्जी की खेती करना चाहते हैं तो बिहार सरकार आपकी मदद करने के लिए तैयार हैं। दरअसल बिहार में खेती-किसानी को बढ़ावा देने के लिए इन दिनों कई सारे पहल किए जा रहे हैं। जिससे किसानों को अधिक लाभ और ज्यादा उत्पादन मिल सके इसके लिए सरकार कई सारी योजनाएं चला रही है। इसी कड़ी में बिहार सरकार सब्जी की खेती को बढ़ावा देने के लिए सब्जी विकास योजना लेकर आई है। इस योजना के तहत सरकार राज्य के किसानों को सब्जी की खेती करने पर बंपर सब्सिडी दे रही है। इसके अलावा उन्नत बीज और सब्जी के पौधे भी कृषि विभाग ओर से दिए जा रहे हैं।
कितनी मिलेगी किसानों को सब्सिडी
सब्जी विकास योजना के अंतर्गत सब्जी की खेती करने पर 75 फीसदी सब्सिडी दी जा रही है। साथ ही सब्जी के बीज किसानों को खेती के लिए सब्सिडी की दर पर उपलब्ध कराए जा रहे हैं। यानी लागत इकाई अगर 10 रुपये है तो प्रति बिचड़ा 7.5 रुपये की दर से दिया जाएगा जिससे किसान उन्नत बीजों का उपयोग करके अच्छा उत्पादन कर सकें। वहीं इस योजना का मुख्य उद्देश्य किसानों की आय में वृद्धि करना और सब्जियों के उत्पादन को बढ़ाना है।
इन सब्जियों पर मिलेगी सब्सिडी
यदि आपके पास खाली जमीन पड़ी है। तो आप इस मौसम में हरी सब्जियों की खेती कर सकते हैं। वहीं किसान सब्जी विकास योजना के तहत ब्रोकली, शिमला मिर्च, टमाटर, फूलगोभी, पत्तागोभी, बैंगन, भिंडी, कद्दू, नेनुवा, करेला और मिर्च की खेती पर विभाग की ओर से सब्सिडी दी जाएगी। इसमें एक किसान को डेढ़ किलो बीज प्रति हेक्टेयर लेना होगा।
जानकारी के लिए यहां करें संपर्क
यदि आप बिहार के किसान हैं और सब्जियों की खेती करना चाहते है। तो आप इस योजना के लिए सब्सिडी का लाभ ले सकते हैं। इसके लिए बिहार कृषि विभाग, बागवानी निदेशालय की ऑफिशियल वेबसाइट लिंक पर विजिट कर सकते हैं। वहीं इस बारे में अधिक जानकारी के लिए किसान अपने जिले के उद्यान विभाग के सहायक निदेशक से भी संपर्क कर सकते हैं।


