
पटना: केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान शनिवार को पटना के एक दिवसीय दौरे पर रहे। इस दौरान उन्होंने वरिष्ठ नेताओं एवं अधिकारियों के साथ बैठक कर 24 अप्रैल को पंचायती राज दिवस के अवसर पर मधुबनी में आयोजित होने वाले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कार्यक्रम की तैयारियों की समीक्षा की और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। केंद्रीय मंत्री ने अपने दौरे के दौरान बिहार में ग्रामीण विकास से जुड़ी केंद्रीय योजनाओं की प्रगति की भी समीक्षा की। उन्होंने कहा, “यह खुशी की बात है कि प्रधानमंत्री बिहार पधार रहे हैं। और उनके आगमन पर प्रदेशवासियों को आवास योजनाओं की सौगात भी प्राप्त हो रही है।”
बिहार वासियों को मिलेंगे 14 लाख मकान
शिवराज सिंह ने बताया कि पिछले साल 7 लाख 90 हजार मकान प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत बिहार के पात्र भाइयों-बहनों को दिए गए थे। आवास प्लस की जो 2 सूची बनी थी। उसमें से लगभग 5 लाख 20 हजार मकान अभी बचे थे। अब 5 लाख 20 हजार मकान और बिहार के कच्चे मकानों में रहने वाले भाई-बहनों को पक्के मकान बनाने के लिए दिए जाएंगे। तो कुल मिलाकर 7-8 महीने में 14 लाख मकान बिहार के हमारे भाई-बहनों को मिल रहे हैं। प्रधानमंत्री के हाथों 5 लाख 20 हजार जो नए स्वीकृत मकान हैं। उनके स्वीकृति पत्र और जो पहले से स्वीकृत मकान हैं। वह मकान बनाने के लिए जो अलग-अलग किस्तों में राशि दी जाती है। वो किस्त सिंगल क्लिक के माध्यम से हमारे भाई-बहनों के खाते में डाली जाएगी।
ये भी पढ़े…
पप्पू सिंह बने युवाओं के लिए मिसाल, खीरा और ककड़ी से कर रहे लाखों की कमाई
मकान बनाने के लिए मिलेंगे पैसा
कृषि मंत्री ने बताया कि आज जो मकान स्वीकृत हुए हैं। उनकी लागत 8 हजार करोड़ रुपये है। ये राशि गरीब भाई-बहनों को मकान बनाने के लिए मिलेगी और भी अनेकों योजनाएं हैं। जिनमें जो अपना मकान बना चुके हैं। उनका गृह प्रवेश का कार्यक्रम भी होगा और बाकी कार्यक्रम भी पंचायत राज्य सम्मेलन के साथ-साथ बनाने की रचना अभी हो रही है।
ग्रामीण विकास पर हो रहा बेहतर काम
केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह ने बैठक के बाद बातचीत में कहा कि मुझे खुशी है कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में ग्रामीण विकास की हर योजना का यहां बहुत बेहतर और आदर्श क्रियान्वयन हो रहा है। मैं बिहार सरकार को बहुत-बहुत बधाई देता हूं। इन योजनाओं के आदर्श क्रियान्वयन के लिए, यहां लखपति दीदी भी 3 लाख से ज्यादा बन चुकी हैं और 20 लाख इसी वर्ष बनाने का लक्ष्य है। तो तेजी से हर कार्यक्रम को क्रियान्वित करने का आदर्श काम बिहार की सरकार कर रही है। बैठक में, केंद्रीय मंत्री राजीव ललन सिंह और बिहार के वरिष्ठ नेता मौजूद रहे, जिनमें उपमुख्यमंत्रीगण और बिहार सरकार के मंत्री भी शामिल थे, शिवराज सिंह ने इनके साथ तैयारियों की व्यापक समीक्षा की।


