अक्षत सरोत्री
चंडीगढ़: हरियाणा में जल्द ही चुनाव होने वाले हैं। ऐसे में नायब सैणी सरकार किसानों को फायदा देने के लिये पूरा प्रयास कर रही है। इसी कड़ी में यहां देसी गायों को बढ़ावा दिया जा रहा है, जिससे न सिर्फ दूध पैदा हो बल्कि प्राकृतिक खेती को भी बढ़ावा मिले। हरियाणा सरकार ने बताया है कि देसी नस्ल की 3 या 5 गायों की डेयरी खोलने वाले पशुपालकों को गायों के खरीद मूल्य पर 50 प्रतिशत अनुदान दिया जाएगा।
सीएम नायब सिंह सैनी ने दुग्ध उत्पादकों के एक कार्यक्रम में कहा कि छोटे किसानों तथा ग्रामीण क्षेत्र के युवाओं को अपना काम शुरू करने के लिए हाइटेक व मिनी डेयरी स्कीम चलाई जा रही है।
स्कीम का मकसद युवाओं को स्वरोजगार के अवसर उपलब्ध करवाने के साथ-साथ दूध का उत्पादन बढ़ाना है। इस स्कीम के तहत 10 दुधारू पशुओं तक की मिनी डेयरी खोलने के लिए पशुओं की लागत पर 25 प्रतिशत सब्सिडी मिलेगी।
अनुसूचित जाति के लोगों को रोजगार उपलब्ध करवाने की स्कीम के तहत दो या तीन पशुओं की डेयरी खोलने पर 50 प्रतिशत सब्सिडी मिलेगी। इसके अलावा, 20 या इससे अधिक दुधारू पशुओं की हाइटेक डेयरी स्थापित करने के लिए ब्याज में छूट मिलेगी। इस योजना के तहत वर्तमान सरकार के कार्यकाल में 13,480 डेयरियां स्थापित भी कर दी गई हैं।
सीएम ने कहा कि पशुपालन के लिए पूंजी की जरूरत पूरा करने के लिए पशुधन किसान क्रेडिट कार्ड योजना चलाई जा रही है। इसके तहत पशुपालकों को पशुधन किसान क्रेडिट कार्ड दिए जा रहे हैं। इस कार्ड से किसी भी पशुपालक को 1 लाख 60 हजार रुपये का लोन बिना किसी कोलेटरल सिक्योरिटी के मिल जाता है।
