बुराड़ी में बड़ा हादसा, भरभराकर मजदूरों पर गिरी पांच मंजिला बिल्डिंग

0
315

वर्षा वर्मा

नई दिल्ली:  बुराड़ी के कौशिक एंक्लेव इलाके में सोमवार देर शाम एक निर्माणाधीन पांच मंजिला इमारत ताश की पत्ते की तरह भरभराकर गिर गई। घटना के समय इमारत में मजदूर और उनके परिवार के करीब दस से 20 लोग मौजूद थे। बिल्डिंग गिरने की सूचना मिलते ही अफरा-तफरी मच गई। पुलिस के अलावा दमकल विभाग, आपदा प्रबंधन, नगर निगम समेत अन्य बचाव दल मौके पर पहुंचा।

 

 

स्थानीय लोगों ने चार को निकाला बाहर
बचाव दल के मौके पर पहुंचने से पहले ही स्थानीय लोगों ने मलबे में फंसे चार लोगों को बाहर निकाल लिया। फौरन उनको नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जहां उनका उपचार जारी है। मौके पर स्थानीय लोगों के साथ बचाव दल राहत कार्य में जुटा हुआ है। देर रात छह और लोगों को मलबे से निकालकर अस्पताल भेज दिया गया है। फिलहाल किसी के हताहत होने की खबर नहीं है।

 

दो सौ गज में इमारत का हो रहा था निर्माण
उत्तरी जिला पुलिस उपायुक्त राजा बंठिया ने बताया कि सोमवार शाम करीब 6.30 बजे पुलिस को बुराड़ी के कौशिक एन्क्लेव में एक पांच मंजिला निर्माणाधीन इमारत के गिरने की जानकारी मिली। मौके पर पहुंची पुलिस को स्थानीय लोगों ने बताया कि दो सौ गज में इमारत का निर्माण कार्य हो रहा था। घटना के समय करीब दस से 20 मजदूर काम कर रहे थे। जबकि इनके परिवार वाले भी मौजूद थे।

 

ये भी पढ़े…

बीजेपी और कांग्रेस हमलावर, माफी मांगें केजरीवाल, क्यों पहुंचाया अंबेडकर की मूर्ति को नुकसान

 

 

एनडीआरएफ की टीम लगी राहत में
पुलिस ने तुरंत दमकल विभाग, आपदा प्रबंधन, नगर निगम समेत अन्य बचाव दल को घटना की जानकारी दी। हालांकि स्थानीय लोगों ने चार लोगों को तुरंत बाहर निकाल कर अस्पताल पहुंचा चुके थे। पुलिस अधिकारी ने बताया कि बचाव अभियान अभी जारी है। पुलिस, दमकल, डीडीएमए और एनडीआरएफ की टीम राहत बचाव में लगी हुई है। अब तक 10 लोगों को बचाकर नजदीकी अस्पताल ले जाया गया है। जबकि मलबे में फंसे लोगों को निकालने का काम जारी है।

 

 

ठेकेदार और मकान मालिक की तलाश में पुलिस
स्थानीय निवासियों ने बताया कि इमारत के खाली प्लॉट में मजदूरों ने रहने के लिए चार झुग्गी बना रखी थी। इमारत का मलबा झुग्गी पर भी गिरा है। अभी यह पता नहीं चल पाया है कि यहां कितने लोग मौजूद थे। पुलिस यहां काम करवा रहे ठेकेदार और मकान मालिक की तलाश कर रही है। ताकि यहां फंसे मजदूरों की संख्या के बारे में जानकारी मिल सके। वहीं दमकल विभाग के निदेशक अतुल गर्ग ने बताया कि दमकल की नौ गाड़ियां मौके पर मौजूद हैं और दमकल कर्मी राहत बचाव का कार्य कर रहे हैं। दमकल कर्मी मलबे में फंसे लोगों को सुरक्षित बाहर निकालने का प्रयास कर रहे हैं। अधिकारी के मुताबिक हादसे में अभी तक किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here