
Mango and Litchi: अप्रैल महीने के अंतिम सप्ताह में हुई लगातार बारिश ने किसानों के चेहरों पर मुस्कान ला दी है। जहां इस बारिश से कुछ फसलों को नुकसान पहुंचा है। वहीं आम, लीची और कटहल की खेती के लिए यह बारिश किसी वरदान से कम नहीं रही। तेज गर्मी और सूखे के कारण जो फसलें मुरझाने लगी थीं, वे अब फिर से हरी-भरी हो गई हैं। इस मौसम परिवर्तन से किसानों को उम्मीद है कि उनकी पैदावार में न सिर्फ सुधार होगा, बल्कि आमदनी भी पहले से बेहतर होगी।
आम और लीची की फसलों को बड़ा फायदा
बारिश के कारण आम के छोटे फल, जिन्हें टिकोले कहा जाता है, अब ज्यादा मजबूत हो गए हैं। पहले ये फल तेज गर्मी के कारण झड़ने लगे थे, लेकिन बारिश ने उन्हें संभाल लिया है। लीची के दानों में भी नमी आ गई है। जिससे उसका स्वाद, रंग और बनावट बेहतर होगी। कटहल के फल भी अब पहले से बड़े और अधिक मीठे होने की संभावना है। किसानों का कहना है कि यह बारिश इन फलों के लिए किसी अमृत से कम नहीं रही।
पेड़ों से कीट हटे, फसल हुई साफ
गर्मी के कारण पेड़ों पर धूल की परत जम गई थी और कीटों का प्रकोप भी बढ़ गया था। बारिश ने न केवल इन कीटों को धो डाला, बल्कि पेड़ों को भी साफ कर दिया। इससे फल तेजी से बढ़ने लगे हैं और फसलों की गुणवत्ता में काफी सुधार देखा जा रहा है। किसानों को अब उम्मीद है कि इस बार उन्हें बाजार में अच्छे दाम मिलेंगे।
ये भी पढ़े…
बिहार से मुंबई के लिए पहली बार चलेगी लीची स्पेशल ट्रेन, रोजाना 138 टन लीची की होगी सप्लाई
अचानक बारिश ने बचाई गिरती फसल
आम उत्पादक और कृषि विशेषज्ञयों का कहना है कि इस बार की बारिश ने फसलों को नया जीवन दिया है। तापमान लगातार बढ़ रहा था और मंजर सूखने लगे थे। पानी देने के बाद भी पौधों में कोई खास सुधार नहीं दिख रहा था, लेकिन बारिश के तुरंत बाद मुरझाए पत्ते फिर से हरे हो गए और फलों में जान आ गई। पिछले दो हफ्तों की तुलना में अब फसल काफी बेहतर दिख रही है।
किसानों की उम्मीदों को मिला सहारा
किसानों को अब यह उम्मीद है कि फसल की अच्छी गुणवत्ता और बढ़ी हुई पैदावार से उनकी आय में भी बढ़ोतरी होगी। आम और लीची की फसल की गुणवत्ता में सुधार से बाजार में भी अच्छी मांग बनी रहेगी। अप्रैल की यह बारिश किसानों के लिए एक नई उम्मीद लेकर आई है और उन्होंने इसे आम और लीची के लिए ‘वरदान’ करार दिया है।


