वर्षा वर्मा
Mahakumbh Special Train: प्रयागराज महाकुंभ में मौनी अमावस्या स्नान के दौरान बुधवार को भगदड़ मच गई। जिसमें सैकड़ों लोग एक दूसरे के ऊपर चढ़ गए, इस घटना में कुछ लोगों की मौत हाेने की भी सूचना है। इस घटना को देखते हुए रेलवे ने बिहार से प्रयागराज जाने वाली स्पेशल ट्रेनों को अगले आदेश तक रद्द करने का निर्णय लिया है। इसके अलावा कई ट्रेनों को प्रयागराज से डाइवर्ट भी किया जा रहा है। रेलवे के इस फैसले का असर बिहार की लगभग 39 ट्रेनों पर पड़ा है। रेलवे पुलिस ने सभी श्रद्धालुओं से अपील कर रही है कि अफवाह पर कोई ध्यान न दें। संयम से काम लें प्रशासन आप सभी की सेवा के लिए तत्परता से कार्य कर रहा है। बता दें कि मौनी अमावस्या पर बेहिसाब भीड़ देखने को मिल रही है। इसी दौरान महाकुंभ मेला स्थित संगम नोज पर अचानक भीड़ बढ़ी और खंभा टूटकर गिरने के बाद भगदड़ मच गई। योगी आदित्यनाथ ने कहा कि प्रयागराज में इस समय 8 से 10 करोड़ श्रद्धालु हैं। सुबह 8 बजे तक 3 करोड़ से अधिक लोग स्नान कर चुके हैं।
रेलवे स्टेशनों पर बेहिसाब भीड़
रेलवे स्टेशनों पर बेहिसाब भीड़ को देखते हुए दानापुर रेलवे कंट्रोल के वरीय अफसरों की ड्यूटी लगा दी गई है। जानकारी के अनुसार अगले तीन दिन के लिए ट्रेनों का रूट चार्ट भी बनाया जा रहा है। महाकुंभ में जाने वाले यात्रियों की भीड़ पटना स्टेशन समेत बिहार के कुछ अन्य स्टेशनों पर भी नजर आ रही है। हालत यह है कि भीड़ की वजह से कई ट्रेनों के एसी बोगी में जिन लोगों का रिजर्वेशन है वो स्टेशन पर ही रह गए थे। इसके अलावा कुछ ट्रेनों पर नाराज यात्रियों का गुस्सा भी फूटा था। जिसमें ट्रेन के शीशे टूट गए थे। मंगलवार को भी काफी संख्या में यात्री ट्रेनों में चढ़ नहीं सकें थे।
ये भी पढ़े…
महाकुंभ में हुई भगदड़ को लेकर सीएम योगी का बयान, घटना को लेकर बताई ये अहम बात
दिल्ली के तरफ से आने वाली तीन ट्रेनें रद्द
औरंगाबाद से यह खबर सामने आई है कि महाकुंभ में उमड़ी भीड़ को देखते हुए आज गया की ओर से दिल्ली के तरफ से आने वाली तीन ट्रेनें रद्द रहेंगी। इनमें 12397 महाबोधी एक्सप्रेस, 12801 पुरुषोत्तम एक्सप्रेस एवं 13305 धनबाद – सासाराम इंटरसिटी एक्सप्रेस शामिल हैं। आज यात्रियों के पास सिर्फ तीन विकल्प मौजूद रहेंगे। 13553 आसनसोल – वाराणसी मेमू, 03699 गया – डीडीयू स्पेशल व 12381 पूर्वा एक्सप्रेस (हावड़ा से 3 घंटे लेट चलेगी)।
सासाराम में लगा महाजाम
मौनी अमावस्या पर शाही स्नान जारी है। ऐसे में कई लोग महाकुंभ पहुंचना चाह रहे हैं। महाकुंभ में भीड़ को देखते हुए स्पेशल महाकुम्भ एक्सप्रेस ट्रेनें रद्द कर दी गई है। सासाराम में राष्ट्रीय राजमार्ग पर भी महाजाम लगा हुआ है। हालांकि, रेल पुलिस स्टेशन पर पूरी तरह से मुस्तैद है। जबकि एनएच-2 पर सोमवार की रात से ही महाजाम लगा हुआ है। स्थानीय थाने की पुलिस अपने-अपने क्षेत्र में जाम छुड़ाने के लिए जद्दोजहद कर रही है, इसके बाद भी जाम हटने का नाम नहीं ले रहा है।

