
लखनऊ: दूध की कंपनियां लगातार कीमतों में इजाफा कर रहीं हैं। पहले मदर डेयरी फिर अमूल और अब पराग ने भी दूध की कीमतों में इजाफा कर दिया है। उत्तर प्रदेश की प्रमुख दुग्ध आपूर्ति संस्था लखनऊ दुग्ध संघ (पराग) ने दूध की कीमतें बढ़ा दी हैं। यह नई दरें शनिवार से लागू कर दी गई है। लखनऊ दुग्ध संघ के महाप्रबंधक विकास बालियान ने बताया कि दूध के उत्पादन, संग्रहण और वितरण की लागत में बढ़ोतरी के कारण यह कदम उठाना पड़ा।
पराग दूध की इतनी बढ़ी रेट
अब फुल क्रीम दूध का एक लीटर पैक 68 रुपये से बढ़ाकर 69 रुपये कर दिया गया है। जबकि आधा लीटर का पैक 34 रुपये से बढ़ाकर 35 रुपये में मिल रहा है। इसी तरह टोंड मिल्क की एक लीटर की कीमत 56 रुपये से बढ़ाकर 57 रुपये और आधा लीटर 28 से 29 रुपये कर दी गई है। स्टैंडर्ड दूध की कीमतें भी बढ़ाई गई हैं। आधा लीटर स्टैंडर्ड दूध अब 31 की बजाय 32 रुपये में मिलेगा, वहीं 5 लीटर वाले पैक की कीमत 280 रुपये से बढ़ाकर 290 रुपये कर दी गई है।
ये भी पढ़े…
बारिश से बर्बाद फसलें: जींद और झज्जर में भीगा हजारों क्विंटल गेहूं, किसानों को करोड़ों का नुकसान
दाम बढ़ने से लोगों पर बढ़ा बोझ
इससे पहले अमूल और मदर डेयरी ने भी अपने दूध उत्पादों की कीमतों में 2 रुपये प्रति लीटर तक की बढ़ोतरी की थी। जिसका असर अब उत्तर भारत के राज्यों में दिखाई दे रहा है। विशेषज्ञों का कहना है कि आने वाले समय में दूध से बने अन्य उत्पादों जैसे दही, पनीर और घी की कीमतों में भी वृद्धि हो सकती है। यह आम उपभोक्ताओं की जेब पर अतिरिक्त बोझ डाल सकता है।
इन कंपनियों ने भी बढ़ाए दाम
कुछ दिनों पहले मदर डेयरी ने कीमतों में बढ़ोतरी हुई थी। कंपनी के द्वारा दी गई जानकारी के मुताबिक सभी मूल्य वर्ग में बढ़ोतरी की गई है और कीमतें 2 रुपये प्रति लीटर तक बढ़ी थीं। इसके अलावा अमूल डेयरी ने भी अपने दूध उत्पादों की कीमतों में इजाफा किया था। अमूल ने 2 रुपये प्रति लीटर की बढ़ोतरी का ऐलान किया था।


