
नई दिल्ली: बनारस के सांसद और देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भले ही बनारस न पहुंचे हों लेकिन हमेशा की तरह एक बार फिर से अपने संसदीय क्षेत्र के लोगों के लिए नये सौगात लाये और वो सौगात था दुनिया का सबसे लंबा क्रूज एमवी गंगा विलास(MV गंगा विलास)। आज प्रधानमंत्री ने वीडियो कॉन्फ्रेसिंग के जरिए गंगा विलास को हरी झंडी दिखाई और प्रधानमंत्री की हरी झंडी मिलते ही गंगा विलास क्रूज आज से अपने सफर पर रवाना हो गया। क्रूज की यह यात्रा वाराणसी से शुरू जो हुई 51 दिन को होगी। जिसमें करीब 3200 किलोमीटर का सफर तय किया जाएगा। क्रूज के पहले दिन के सफर पर 32 यात्री सवार हुए। इतना ही नहीं प्रधानमंत्री ने आज टेंट सिटी का भी उद्घाटन किया।
क्या कहा प्रधानमंत्री ने
प्रधानमंत्री मोदी ने गंगा विलास (MV गंगा विलास) को हरी झंडी दिखाने के बाद किये गये अपने संबोधन में कहा कि, ”सभी विदेशी पर्यटकों का स्वागत करता हूं। सभी पर्यटक आज यहां से आधुनिक क्रूज से पहली बार सफर करने जा रहे हैं। प्रधानमंत्री ने कहा भारत दिल से सबका स्वागत करता है। क्रूज यात्रा विविध प्रकार के अनुभवों को लेकर आने वाला है।”
भोले की नगरी वाराणसी को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का एक और तोहफा…गंगा विलास क्रूज यात्रा
बढ़ेगा पर्यटन..होगा रोजगार सृजन
इस दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि MV गंगा विलास टूरिज्म का ये नया दौर हमारे युवाओं को रोजगार देगा। उन्होंने कहा, देश के लोग इस तरह के अनुभव के लिए पहले विदेश जाया करते थे। लेकिन अब वो देश में ये अनुभव ले सकते हैं। पीएम ने कहा कि ऐसी ही व्यवस्था हम कई शहरें में लागू करने वाले हैं।
क्या खास है MV गंगा विलास क्रूज में
एमवी गंगा विलास (MV गंगा विलास)दुनिया का सबसे लंबा रिवर क्रूज है। इसके अंदर फाइव स्टार होटल वाली सारी सुविधाएं शामिल हैं। जिसमें 50 पर्यटन स्थलों को कवर किया जाएगा। इसमें सैर कर रहे यात्रियों को ऐतिहासिक, सांस्कृतिक और धार्मिक जगहों के घूमने का आनंद मिलेगा। साथ ही वाराणसी में गंगा आरती, सारनाथ के दर्शन भी कर पाएंगे। मायोंग को घूमते हुए सबसे बड़ी नदी द्वीप माजुली को भी कवर कर पाएंगे। साथ ही बिहार के स्कूल ऑफ योगा और विक्रमशिला विश्वविद्यालय को देखने का भी अवसर मिल पाएगा।
इन शहरों से गुजरेगा MV गंगा विलास
एमवी गंगा (MV गंगा विलास)यात्रियों को लेकर भारत से बांग्लादेश तक 27 नदियों से होता हुआ गुजरेगा। इस दौरान पर्यटक कई विश्व धरोहर स्थलों, राष्ट्रीय उद्यानों, नदी घाटों को घूम सकेंगे। उन्हें बिहार में पटना, झारखंड में साहिबगंज, पश्चिम बंगाल में कोलकाता, बांग्लादेश में ढाका और असम में गुवाहाटी शहर घूमने का मौका मिलेगा।

क्रूज की सैर के हैं शौकीन तो करना पड़ेगा खर्च
‘MV गंगा विलास’ क्रूज में सैर करने के लिए भारतीय पर्यटकों और विदेशी पर्यटकों में कोई अंतर नहीं रखा गया है। एक दिन की सैर करने में सैलानियों के 25 हजार रुपये खर्च होंगे। इस तरह से पूरे 51 दिनों की यात्रा में करीब साढ़े 12 लाख रुपये का खर्च आएगा।




