करीब 25 हजार से 30 हजार किसानों को फायदे मिलने की उम्मीद
झारखंड में खाद्य प्रसंस्करण सेक्टर के विकास को गति देने के लिए झारखंड मेगा फूड पार्क प्राइवेट लिमिटेड की ओर से राज्य में पहला मेगा फूड पार्क रांची जिले के गेटलसूद गांव में किया गया। केंद्रीय खाद्य प्रसंस्करण उद्योग मंत्री हरसिमरत कौर बादल ने कहा कि यह मेगा फूड पार्क 51.50 एकड़ क्षेत्र में बना है और इस पर निर्माण परियोजना लागत 114.73 करोड़ रुपए आई है। इस पार्क में बहु-स्तरीय शीत भंडारण, शुष्क माल गोदाम, सब्जियों के डिहाइड्रेशन लाइन, आधुनिक गुणवत्ता नियंत्रण और परीक्षण प्रयोगशाला सहित फलों और सब्जियों की प्रसंस्करण जैसी दूसरी सुविधाएं मौजूद रहेंगी। इस मेगा फूड पार्क परियोजना में आधुनिक बुनियादी सुविधाएं मौजूद रहेंगी जिसमें बागवानी और गैर-बागवानी उत्पादों को सड़ने से बचाने की हर सुविधा है। हरसिमरत सिंह कौर बादल ने कहा- मेगा फूड पार्क के शुरू होने से लोगों को रोजगार मिलेगा और किसानों को अपनी उपज की सही कीमत भी। वहीं, इससे पूर्व ग्रामीणों ने फूड पार्क के मेन गेट को घेर लिया। वे अपनी जमीन के बदले फूड पार्क में नौकरी देने की मांग कर रहे थे। मौके पर काफी संख्या में पुलिस बल तैनात की गई थी। इस अवसर पर झारखंड के मुख्यमंत्री मुख्यमंत्री रघुवर दास और पतंजली के आचार्य बालकृष्ण भी मौजूद रहें। कार्यक्रम में केंद्रीय खाद्य प्रसंस्करण उद्योग राज्य मंत्री साध्वी निरंजन ज्योति ने भी लोगों को संबोधित किया।
तीन और मेगा फूड पार्क खुलेंगे
इस मौके पर मुख्यमंत्री रघुवर दास ने कहा, झारखंड में तीन और मेगा फूड पार्क की स्थापना बोकारो, हजारीबाग और साहेबगंज में होगी. इनका निर्माण जल्द शुरू होगा। रघुवर दास ने निवेशकों से अपील करते हुए कहा, आप हमारे राज्य में निवेश करें सरकार आपको सारी जरूरी सुविधाएं उपलब्ध करायेगी। मुख्यमंत्री ने कहा, अंबानी, बिड़ला जैसे बड़े निवेशकों ने राज्य में निवेश में रुचि दिखायी। हमने सरकार में आते ही पहले फूड प्रोसेसिंग पालिसी बनायी। इसके बाद हमने निवशकों से मुलाकात का आयोजन किया यह आयोजन सफल रहा और लगभग 800 करोड़ रुपये से ज्यादा से एम0ओ0यू0 किये गये। मुख्यमंत्री ने कहा, निवेशकों को अपने राज्य में आकर्षित करने के लिए मुंबई में चल रहे मेक इन इंडिया वीक में 17 फरवरी को झारखंड इंवेस्टर समिट है यहां भी हमारी कोशिश है कि ज्यादा से ज्यादा निवेश राज्य के लिए लाया जाए।
फूड पार्क से होगा लाभ
मुख्यमंत्री रघुवर दास ने फूड पार्क के उद्धाटन के बाद इससे मिलने वाले लाभ की चर्चा करते हुए कहा, किसानों के साथ आसपास के लोगों को काफी फायदा होगा। किसानों की फसल अक्सर खराब हो जाती थी या समय पर उन्हें बेचने की चिंता होती थी लेकिन इस फूड पार्क के उद्धाटन के बाद किसानों की यह चिंता दूर हो जायेगी। इसके अलावा इससे बेरोजागारों को भी रोजगार मिलने की संभावना काफी बढ़ गयी है। क्षेत्र के सभी पढ़े लिखे युवक युवतियां को आधुनिक तरीके से खेती करनी चाहिए ताकि पैदावार ज्यादा हो और कृषि में आधुनिक तकनीक का इस्तेमाल हो। हमें विकास के साथ चलना होगा नहीं तो हम पीछे रह जायेंगे।
कृषि का अलग बजट होगा पेश
सीएम ने कहा कि कृषि से ही राज्य का समुचित विकास संभव है इसलिए कृषि क्षेत्र सरकार की प्राथमिकता में है। कृषि पर सरकार की गंभीरता को इसी से समझा जा सकता है कि सराकार ने इस वित्तीय वर्ष में कृषि के लिए अलग से बजट पेश करेगी। कृषि को बढ़ावा देने के लिए किसानों को इंसेंटिव दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि प्लांट के खुलने से किसानों के साथ-साथ आस पास के लोगों का भी लाभ होगा। किसानों का अपने उपज खराब होने एवं बेचने की चिंता नहीं रहेगी। मुख्यमंत्री ने आने वाले दिनों में मशहूर उद्योगपति मुकेश अंबानी और कुमारमंगलम बिड़ला के भी प्रदेश में निवेश करने की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि इन दोनों दिग्गजों ने मुंबई में मेक इन इंडिया समिट के दौरान यह भरोसा दिलाया है। 17 फरवरी को मुंबई में झारखंड निवेशक सम्मेलन के मौके पर और भी बड़े उद्योगपति इस दिशा में बातचीत करेंगे।
बाबा रामदेव लगाएंगे फल-सब्जी प्रसंस्करण प्लांट
मेगा फूड पार्क के उद्धाटन में पतंजलि के आचार्य बाल कृष्ण भी मौजूद थे. बाबा रामदेव को मेगा फूड पार्क में छह एकड़ जमीन दी गई है। इसमें पतंजलि प्रॉडक्ट की ओर से फल और सब्जी के प्रसंस्करण का प्लांट लगाया जाएगा। यहां टमाटर की प्यूरी, फ्रोजेन मटर, गोभी प्रोसेसिंग का प्लांट और बेल-आंवला का मुरब्बा और कैंडी का प्लांट होगा। यह घोषणा पतंजलि आयुर्वेद के एमडी आचार्य बालकृष्ण ने की। यहां टमाटर, मटर और फूल गोभी के प्रोसेसिंग प्लांट लगाये जायेंगे. इसके साथ ही पतंजली पशु आहार का प्लांट भी लगायेगी.
इस मेगा फूड पार्क का शिलान्यास वर्ष 2009 में तत्कालीन केंद्रीय मंत्री सुबोधकांत सहाय ने किया था। इसके लिए रियाडा ने 56 एकड़ भूमि दी थी। अब सात साल बाद इस फूड पार्क का उदघाटन हुआ। मेगा फूड पार्क के लिए 56 एकड़ जमीन गेतलसूद में रियाडा द्वारा आवंटित की गयी है।


