शिवहर के विकास को लगा पंख, 231 योजनाओं का मुख्यमंत्री ने किया शिलान्यास

0
403

. रीगा चीनी मिल चालू होने से किसानो पर राहत एवं चेहरे पर ख़ुशी
. रेलवे और ऐक्सप्रेसवे परियोजनाए नई उम्मीदें

शिवहर: शिवहर के विकास को पंख लग गया है। रीगा चीनी मिल शुरू होने से इलाके के किसान काफी खुश हैं और साथ ही खुद मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने अपने प्रगती यात्रा के दौरान शिवहर आकर कई विकास योजनाओं का उद्घाटन किया साथ ही कई महत्वपूर्ण परियोजनाओं की घोषणा करते हुए विकास कार्य में तेजी लाने का निर्देश दिया।

इस बाबत सदर थाना के समीप जदयू प्रधान कार्यालय में आयोजित एक प्रेस वार्ता भी आयोजित की गई।
इस दौरान स्थानीय सांसद लवली आनंद, पूर्व सांसद आनंद मोहन और शिवहर विधायक चेतन आनंद ने कई महत्वपूर्ण बिंदुओं पर चर्चा की। बड़ी बात यह है कि प्रेस वार्ता की शुरुआत में ही देश के पूर्व प्रधानमंत्री और जाने माने अर्थशास्त्री डॉ. मनमोहन सिंह के निधन पर दो मिनट का मौन रखकर उन्हें श्रद्धांजलि भी दी गई।

क्या कहा सांसद ने
सांसद लवली आनंद ने बताया कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की प्रगति यात्रा के दौरान शिवहर जिले में कुल 231 योजनाओं का शिलान्यास और उद्घाटन किया गया। इन योजनाओं की कुल लागत 187.42 करोड़ रुपये है। उन्होंने इसे शिवहर के इतिहास का एक महत्वपूर्ण दिन करार दिया।

शुरू हुआ रीगा चीनी मिल

गौरतलब है कि वर्षों से बंद पड़ी रीगा चीनी मिल को फिर से चालू कर दिया गया है। गन्ना किसानों की समस्याओं के मद्देनजर यह कदम काफी महत्वपूर्ण है। चीनी मिल शुरू होने से न सिर्फ शिवहर—सीतामढ़ी बल्कि आसपास के किसानों के चेहरे पर एक बार फिर मुस्कान लौटी है और शिवहर का ग्रामीण अर्थतंत्र मजबूत होने की उम्मीद है। प्रगति यात्रा के दौरान हुई समीक्षा बैठक में बागमती नदी के पुनर्निर्माण का मुद्दा प्रमुखता से उठाया गया। सांसद लवली आनंद ने बताया कि बागमती नदी के किनारे की मरम्मत और पक्की सड़क निर्माण का कार्य शीघ्र शुरू होगा। साथ ही, गन्ना किसानों के 52 करोड़ रुपये के बकाये भुगतान को लेकर भी चर्चा की गई। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने इस दिशा में जल्द कार्रवाई का आश्वासन दिया।

क्या कहते हैं पूर्व सांसद आनंद मोहन

पूर्व सांसद आनंद मोहन ने प्रेस वार्ता में बताया कि शिवहर के लिए रेलवे का काम तेजी से आगे बढ़ रहा है। बहुत जल्द भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया शुरू हो जाएगी। उन्होंने यह जानकारी भी दी कि इसके साथ ही, रक्सौल से सिलीगुड़ी एक्सप्रेसवे, जो शिवहर से होकर गुजरेगा, कार्य प्रगति पर है। श्रीराम-जानकी पथ, जो अयोध्या से जनकपुर तक जाएगा, का निर्माण कार्य भी जारी है। ये परियोजनाएं न केवल शिवहर को एक महत्वपूर्ण कनेक्टिविटी हब बनाएंगी, बल्कि यहां के आर्थिक विकास को भी रफ्तार देंगी। विधायक चेतन आनंद ने बताया कि शिवहर में पिछले चार वर्षों में 105 नई सड़कों का निर्माण किया गया है। उन्होंने इसे यातायात के क्षेत्र में क्रांति करार दिया। खोरी पाकर पुल, मेडिकल कॉलेज, स्टेडियम और एमसीएच बिल्डिंग निर्माण की तैयारियां भी जोरों पर हैं।

ये भी पढ़े…

पंचतत्व में विलीन हुए मनमोहन सिंह, राजकीय सम्मान के साथ आखिरी विदाई

 

उन्होंने कहा कि शिवहर में शिक्षा और रोजगार के अवसर बढ़ने से पलायन रुकेगा, मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में अब लोग गर्व से कहते हैं कि हम बिहारी हैं। सांसद लवली आनंद ने कहा, “शिवहर विकास की पटरी पर तेजी से दौड़ रहा है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के कुशल नेतृत्व और जनता के सहयोग से जिले का हर क्षेत्र विकास की ओर अग्रसर है।”

विधायक चेतन आनंद ने शिवहर की जनता, एनडीए कार्यकर्ताओं, जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और मीडियाकर्मियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि शिवहर में प्रगति यात्रा की सफलता जनता के सहयोग के बिना संभव नहीं थी।

मुख्यमंत्री की प्रगति यात्रा को शिवहर के लिए एक नई शुरुआत है। सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य, रेलवे, और उद्योग जैसे क्षेत्रों में हो रहे विकास कार्य शिवहर को एक नई पहचान देने में सहायक साबित होंगे। प्रेस वार्ता के दौरान जयशंकर सिंह (मोहारी)पप्पू सिंह,संजीव सिंह,जदयू के वरिष्ठ नेता अवध किशोर प्रसाद, मुख्य प्रवक्ता विजय विकास, फ्रेंड्स का आनंद के जिला संयोजक संजीव कुमार सिंह उर्फ पप्पू सिंह, दीनबंधु सिंह, ऋतुराज कुमार उर्फ अजय कुमार,सतीश कुमार, सहित अन्य मौजूद रहे।

 

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here