Haryana: तहसीलदार और पटवारी निलंबित, सीएम मनोहर लाल ने लिया एक्शन

0
484

 

चंडीगढ़: भिवानी की एक महिला द्वारा संपत्ति का इंतकाल देरी से करने तथा गलत कार्रवाई रिपोर्ट प्रस्तुत करने के मामले में शिकायत दी गई थी। पटवारी ललित कुमार की रिपोर्ट का हवाला देते हुए नायब तहसीलदार आलमगीर ने कहा था कि इंतकाल करके शिकायतकर्ता को उसकी नकल दे दी गई है, जबकि शिकायतकर्ता को इंतकाल की कोई कॉपी नहीं मिली।

हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर ने भिवानी के नायब तहसीलदार आलमगीर तथा पटवारी ललित कुमार को तुरंत प्रभाव से निलंबित करने के आदेश दिए हैं। भिवानी की एक शिकायतकर्ता द्वारा संपत्ति का इंतकाल देरी से करने तथा गलत कार्रवाई रिपोर्ट प्रस्तुत करने के मामले में यह आदेश दिया गया है। दोनों के खिलाफ नियम-7 के तहत कार्यवाही की जाएगी।

मुख्यमंत्री खट्टर के ओएसडी भूपेश्वर दयाल ने बताया कि भिवानी निवासी कमला देवी ने अपने पिता के देहांत के बाद उनकी रजिस्टर्ड वसीयतनामा के अनुसार संपत्ति का इंतकाल उनके व उनकी बहन के नाम किए जाने के संबंध में सीएम विंडो पर शिकायत दर्ज करवाई थी। शिकायत पर संज्ञान लेते हुए सीएम विंडो मुख्यालय द्वारा संबंधित नायब तहसीलदार से रिपोर्ट तलब की गई।

उन्होंने बताया कि नायब तहसीलदार आलमगीर ने पटवारी ललित कुमार की रिपोर्ट का हवाला देते हुए सीएम विंडो पर रिपोर्ट दर्ज कर बताया कि “उक्त जमीन का इंतकाल करके शिकायतकर्ता को उसकी नकल (कॉपी) की प्रति दे दी गई है, जबकि वास्तव में शिकायतकर्ता कमला देवी को इंतकाल की कोई कॉपी नहीं मिली।”

हरियाणा भू-लेख सेवा का अधिकार आयोग द्वारा भी निर्धारित समयावधि में इंतकाल न होने के चलते संबंधित नायब तहसीलदार आलमगीर पर भी 20 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया। शिकायतकर्ता को 5 हजार रुपये का मुआवजा देने के भी आदेश दिए।


भूपेश्वर दयाल ने बताया कि सारी कार्य प्रक्रिया को देखते हुए नायब तहसीलदार और पटवारी को सीएम विंडो पर गलत रिपोर्ट प्रस्तुत करने का दोषी पाया गया। इसलिए मुख्यमंत्री ने नायब तहसीलदार आलमगीर तथा पटवारी ललित कुमार को तुरंत प्रभाव से निलंबित करने तथा नियम-7 के विरूद्ध कार्रवाई करने के आदेश दिए हैं। साथ ही, राजस्व एवं आपदा प्रबंधन विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव तथा वित्त आयुक्त, राजस्व को मामले में की गई कार्यवाही की रिपोर्ट 10 दिनों के भीतर भिजवाना सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए हैं।

👉हरियाणा सिख और खट्टर पुस्तक का मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने किया विमोचन, पुस्तक के टाइटल पर उठाये सवाल

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here