अयोध्या: अयोध्या में हरियाणा की तरफ से लगाए जाने वाले भंडारे के लिए श्री गुरु गोरखनाथ श्रीरामजन्म भूमि भंडारा आयोजन समिति की तैयारियां जोरों पर हैं। इसके तहत प्रतिदिन 50 हजार से अधिक लोगों के लिए भोजन बनाने के लिए संसाधन भी जुटा लिए गए हैं। जिन्हें एक ट्रक के माध्यम से शोभायात्रा में शामिल किया जाएगा। समिति ने भंडारे के लिए विशेष बर्तन बनवाएं हैं। जगाधरी में बर्तन बनाने की फैक्टरी से 12 बड़े पतीले बनवाए हैं। एक पतीले में एक साथ 12 क्विंटल हलवा बन सकेगा। इसके अलावा ऐसे ही 12 पुराने पतीले भी समिति अयोध्या लेकर जाएगी।
विशाल भंडारे के लिए आए पतीले
समिति के संयोजक महेंद्र उर्फ रामजी सैनी ने बताया कि श्रीराम की कृपा से अयोध्या में भंडारा लगाने को जो अनुमति मिली है, उसके लिए वे स्वयं को कृतार्थ समझ रहे हैं। क्योंकि, भंडारे में हजारों लोगों का खाना बनाया जाना है। इसके लिए 12 बड़े पतीले बनवाए हैं। एक पतीले में एक साथ 12 क्विंटल हलवा बनाया जा सकता है। इसी तरह के 12 पुराने पतीले भी हैं। इन सभी में एक साथ एक लाख 20 हजार लोगों का खाना बनाया जा सकता है।
एक घंटे में एक हजार रोटी बनाने वाली खरीदी मशीन
एक घंटे में एक समय में एक हजार रोटी बनाने वाली मशीन भी खरीदी है। इसके अलावा दो अन्य मशीनें भी संस्थाओं ने प्रयोग के लिए दी हैं। इसके अलावा टेंट का अन्य सामान भी गाड़ियों में लोड करवा दिया गया है। जिसे शोभायात्रा में शामिल कर अयोध्या ले जाया जाएगा। गौरतलब है कि कैथल के ब्रद्धालुओं की तरफ से अयोध्या में 20 जनवरी से 60 दिन तक भंडारा आयोजित किया जाएगा। इसके लिए यह भंडारा सामग्री 15 जनवरी को कैथल से रवाना की जाएगी।
विश्वास था कि जन्म स्थान पर ही बनेगा राम मंदिर
श्रीराम जन्मभूमि का प्रथम फैसला सुनाने वाले इलाहाबाद उच्च न्यायालय के पूर्व न्यायाधीश व वर्तमान में एनजीटी अध्यक्ष सुधीर अग्रवाल क्षेत्र में पहुंचे। उन्होंने कहा कि बहुत खुशी है कि राम मंदिर पर सुनाए गए फैसले के बाद अब 22 जनवरी को राममंदिर अयोध्या में बन रहा है। वह यहां सेक्टर-2 स्थित हुड्डा प्रांगण में चल रही श्रीमद् भागवत कथा एवं गुरुदेव जन्मोत्सव एवं संत समागम में भाग लेने पहुंचे थे। पूर्व न्यायाधीश ने कहा कि जब राम मंदिर पर उन्होंने फैसला सुनाया तो उनके सामने साक्ष्य थे। वहीं अंतरआत्मा में यह विश्वास था कि भगवान श्रीराम अयोध्या में विराजते हैं। इसके बाद उन्होंने यह फैसला लिखा। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भव्य मंदिर का निर्माण अयोध्या नगरी में हुआ है। देश के लिए ये गर्व की बात है। देश की 140 करोड़ जनता की भावनाएं अयोध्या में बसती हैं। 22 को पूरे देश में दीपावली मनाई जाएगी। उन्होंने अपने जीवन में करीब एक लाख से ज्यादा कोर्ट केसों में सुनवाई की है। लोगों ने पूर्व न्यायाधीश सुधीर अग्रवाल का स्वागत किया। लोगों का कहना था कि राममंदिर पर फैसला सुनाने वाले जस्टिस का पहुंचना हमारे लिए बड़ी चात है। 22 जनवरी को भगवान श्री रामचंद्र की प्राण प्रतिष्ठा का कार्यक्रम धूमधाम से हर मंदिर हर घर में मनाया जाएगा।


