
Sarkari Yojana: देश के छोटे और सीमांत किसानों की बात करें तो वे अपनी आजीविका के लिए खेती के अलावा पशुपालन पर निर्भर हैं। कम जगह होने के कारण वे खेती से ज्यादा मुनाफा नहीं कमा पाते हैं। जिसके कारण उन्हें पशुपालन का सहारा लेना पड़ता है। इसके साथ ही केंद्र और राज्य सरकारें भी पशुपालन को काफी बढ़ावा दे रही हैं। इसका मुख्य उद्देश्य प्राकृतिक खेती को भी बढ़ावा देना है। दरअसल, गाय के गोबर का इस्तेमाल जैविक खाद बनाने में किया जाता है। अगर किसानों ने गाय पाल रखी है तो वे उसके गोबर को फेंकने के बजाय खाद बनाने में इस्तेमाल कर सकते हैं। इसी कड़ी में यूपी सरकार ने किसानों के लिए बेहद फायदेमंद योजना शुरू की है। आइए जानते हैं क्या है ये योजना।
10 लाख का लोन देगी सरकार
उत्तर प्रदेश सरकार ने राज्य में प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देने पर फोकस किया है। इसमें गाय पालन को बढ़ावा देने के लिए एक बेहतरीन योजना शुरू की है। इस योजना के तहत योगी सरकार राज्य में 10 गाय पालने वाले किसानों को 10 लाख रुपये तक का लोन देगी। अमृत धारा योजना के तहत किसानों को यह लोन दिया जाएगा। खास बात यह है कि यह लोन बेहद आसान शर्तों पर मुहैया कराया जाएगा। इतना ही नहीं, 3 लाख रुपये तक के लोन के लिए किसी गारंटर की जरूरत नहीं होगी।
2 हजार करोड़ रुपये का प्रावधान
हाल ही में उत्तर प्रदेश सरकार ने बजट पेश किया था जिसमें इस योजना के लिए 2 हजार करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है। इस योजना के जरिए सरकार किसानों को गाय पालने के लिए प्रोत्साहित करेगी। शहरों या गांवों में बड़ी संख्या में गायें घूमती नजर आती हैं। कई बार वे सड़कों पर हादसों का शिकार भी हो जाती हैं।
ये भी पढ़े…
मार्च में खेती के लिए बेस्ट है भिंडी की श्रेया किस्म, जानिए इसकी खासियत और खेती का तरीका
प्राकृतिक खेती को मिलेगा बढ़ावा
गायों को खाने-पीने से जुड़ी कई समस्याओं का सामना करना पड़ता है। कई बार लोग उनके साथ गलत व्यवहार भी करते हैं। इस समस्या को देखते हुए उत्तर प्रदेश सरकार ने गोरक्षा के लिए कई गौशालाएं खोली हैं। सरकार ने इनके रखरखाव के लिए भी अलग से 1001 करोड़ रुपये का प्रावधान किया है। सरकार इन सभी गौशालाओं को आत्मनिर्भर बनाना चाहती है। इतना ही नहीं ये गौशालाएं गाय के गोबर और गौमूत्र को आर्थिक रूप से उपयोगी बनाने का भी काम करेंगी। इसके लिए सरकार की तरफ से अलग से कौशल विकास कार्यक्रम चलाया जाएगा।
क्या है अमृत धारा योजना?
उत्तर प्रदेश सरकार ने गौ पालन को बढ़ावा देने और प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देने के लिए “अमृत धारा योजना” शुरू की है। इस योजना के तहत:
- सरकार दो से दस गाय पालने के लिए 10 बैंकों के माध्यम से 10 लाख रुपये तक का ऋण उपलब्ध कराएगी।
- 3 लाख रुपये तक के ऋण के लिए किसी गारंटर की आवश्यकता नहीं होगी
- इस योजना के तहत पशुपालकों को आर्थिक सहायता के साथ-साथ तकनीकी प्रशिक्षण भी दिया जाएगा।
- इस पहल का उद्देश्य आवारा पशुओं की रक्षा के साथ-साथ जैविक खेती को बढ़ावा देना है, ताकि किसानों को रासायनिक खादों और कीटनाशकों पर निर्भर न रहना पड़े।

