UP निकाय चुनाव में जीत के लिए CM योगी ने कार्यकर्ताओं को दिया टिप्स

0
129

गोरखपुर। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने निकाय चुनाव में भाजपा की प्रचंड जीत के लिए को गोरखपुर में मंडल के सभी चार जिलों के कार्यकर्ताओं में जोश भरा। जनता के बीच कानून व्यवस्था और विकास का मुद्दा लेकर जाने की सलाह देते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि जनकल्याण भाजपा की शीर्ष प्राथमिकता है। निकाय चुनाव में इन्हीं मुद्दों को आधार बनाना होगा। हर निकाय में प्रमुख पद पर जीत दर्ज करने के साथ स्पष्ट बहुमत का बोर्ड बनाने के लिए सभी को गंभीरता के साथ जुटना होगा। वरिष्ठ पदाधिकारी और जनप्रतिनिधि नाराज कार्यकर्ताओं को मनाने का जिम्मा स्वयं लें और हर हाल में असहमति में ही सहमति का रास्ता निकालें। गोरखपुर, देवरिया, महराजगंज और कुशीनगर जिले के पदाधिकारियों और प्रत्याशियों के साथ बुधवार को पांच घंटे से अधिक समय तक चली अलग-अलग बैठकों में मुख्यमंत्री ने जिलाध्यक्षों, प्रभारियों और प्रत्याशियों से चुनावी तैयारियों का हाल जानने के बाद जीत के लिए महत्वपूर्ण टिप्स दिए। मंडल में एक नगर निगम, सात नगर पालिका और 22 नगर पंचायतों के चुनाव को लेकर हुई बैठकों में उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं को चुनाव में जीत सुनिश्चित करने के लिए लिए केंद्र और प्रदेश सरकार की कल्याणकारी योजनाओं की उपलब्धियों के साथ जनता के बीच जाना होगा।
2022 के विधानसभा चुनाव में गोरखपुर मंडल का परिणाम लगभग शत-प्रतिशत रहा। कार्यकर्ता उसी संकल्प के साथ निकाय चुनाव में भी परिश्रम करेंगे तो हम शत-प्रतिशत जीत के करीब पहुंचेंगे। प्रधानमंत्री मोदी के उपलब्धियों भरे बेहतरीन नौ वर्ष के कार्यकाल व नगर निकायों के गठन और पुराने के विस्तार से विकास के नए द्वार कैसे खुलेंगे, इसकी चर्चा भी हमें जनता के बीच करनी होगी। इस दौरान बिना भेदभाव के समाज के हर तबके तक पहुंची सरकारी योजनाओं के बारे में आमजन को बताना होगा। इन बैठकों में भाजपा के क्षेत्रीय अध्यक्ष सहजानंद राय, प्रदेश उपाध्यक्ष और एमएलसी डा.धर्मेंद्र सिंह आदि मौजूद रहे।

विकास की रफ्तार की गारंटी होगी ट्रिपल इंजन की सरकार

मुख्यमंत्री ने कहा कि नगर निकाय चुनाव में प्रत्याशियों और कार्यकर्ताओं की ताकत डबल इंजन की सरकार है। अब हमें इसी ताकत से निकाय चुनाव जीतकर ट्रिपल इंजन की सरकार बनानी होगी। इसके लिए जनता को बताना होगा कि ट्रिपल इंजन की सरकार विकास की रफ्तार की गारंटी होगी। मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रथम चरण में होने वाले निकाय चुनाव के लिए तैयारी बैठकों का क्रम गोरखपुर मंडल से शुरू हुआ है। चार मई को ही प्रथम चरण का मतदान होना है, ऐसे में हमें तेजी दिखानी होगी। इस चुनाव के लिए पार्टी की ओर से जल्द संकल्प पत्र जारी किया जाएगा। मतदान का प्रतिशत बढ़ाने को लेकर कार्यकर्ताओं को विशेष ध्यान देना होगा। भाजपा का मतदाता वोट देना चाहता है, ऐसे में हमारी जिम्मेदारी बनती है कि मतदाताओं को मतदान के लिए अंतिम दिन तक प्रेरित करते रहें।

जनसंपर्क और संवाद पर विशेष जोर

मुख्यमंत्री ने जनसंपर्क और संवाद पर विशेष जोर दिया। कहा कि कार्यकर्ता सुबह-शाम जनसंपर्क और जनसंवाद के लिए सामाजिक टोली बनाकर निकलें। टोली में प्रभावी लोगों को शामिल करें। ध्यान रखना होगा कि समाज का कोई भी व्यक्ति छूटने न पाए। जनसंपर्क डोर-टू-डोर होना चाहिए। हर व्यक्ति तक मजबूत कानून व्यवस्था और विकास से आए बदलाव का संदेश पहुंचना चाहिए।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here