यूपी के निकाय चुनाव मैदान में फिर गरजे सीएम योगी आदित्यनाथ

0
133

लखनऊ। उत्तर प्रदेश के नगर निकाय चुनाव के रण में उतरे सीएम योगी आदित्यनाथ ने एक बार फिर कानून व्यवस्था का मुद्दा उठाया। प्रदेश में माफियाओं और अपराधियों की ताजा स्थिति पर बड़ा दावा किया है। उन्होंने कहा कि वर्ष 2017 में यूपी के व्यापारी माफिया को रंगदारी देने को मजबूर थे, लेकिन बीजेपी की सरकार में वे स्वनिधि योजना का लाभ उठा रहे हैं। माफिया गले में तख्ती लटकाकर जान की भीख मांग रहे हैं और व्यापारी बेखौफ होकर व्यापार कर रहे हैं। बेटियां और महिलाएं देर रात तक सड़कों और बाजारों में खुद को सुरक्षित महसूस कर रही हैं। सीएम योगी आदित्यनाथ ने ये बातें मंगलवार को नगर निकाय चुनाव में बीजेपी प्रत्याशियों के समर्थन में लखनऊ के बुद्धेश्वर चौराहे पर आयोजित जनसभा में कहीं। योगी ने उन्नाव, रायबरेली में भी जनसभाओं को संबोधित किया। लखनऊ में योगी ने बीजेपी की मेयर प्रत्याशी सुषमा खर्कवाल और पार्षद प्रत्याशियों के लिए वोट मांगे।

इस दौरान उन्होंने विपक्ष की सरकारों पर हमला बोला। उन्होंने कहा कि छह वर्ष पहले यूपी में न बेटी सुरक्षित थी और न ही व्यापारी। कोई त्योहार मनाने से पहले भय का वातावरण बन जाता था। शहरों में शोहदों का आतंक था। बेटियां स्कूल नहीं जा पाती थीं। सरकार के समानान्तर माफिया का सिस्टम काम कर रहा था। बीजेपी की सरकार बनते ही यह तस्वीर बदल गई। अब न तो बेटियों को शोहदों का डर है और न ही व्यापारियों को माफिया का। कूड़े के ढ़रे वाले शहर आज स्मार्ट सिटी के रूप में विकसित हो रहे हैं। लखनऊ की बदलती तस्वीर का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि कुकरैल में अब जू के साथ नाइट सफारी का भी लुत्फ उठाया जा सकेगा। उन्होंने कहा कि नगर निगम और नगर पंचायतों में विकास कार्य के लिए बजट की कमी नहीं होने दी जाएगी।

जनसभा में केंद्रीय राज्यममंत्री कौशल किशोर, वित्तमंत्री सुरेश खन्ना, विधायक जयदेवी कौशल, राजेश्वर सिंह, एमएलसी मुकेश शर्मा, बीजेपी युवा नेता नीरज सिंह, लखनऊ के चुनाव संयोजक अंजनी श्रीवास्तव भी मौजूद रहे। मैदान में हुई जनसभा में सीएम योगी अदित्यनाथ ने कहा कि बीजेपी सरकार में बिना जाति, धर्म के भेदभाव के योजनाओं का लाभ सब तक पहुंचाया जा रहा है। रायबरेली के राजकीय इंटर कॉलेज मैदान की जनसभा में सीएम ने कहा कि यूपी की कनेक्टिविटी पहले से बेहतर होने की बात कही। उन्होंने कहा कि पूर्वांचल को जोड़ने के लिए पूर्वांचल एक्सप्रेसवे, बुंदेलखंड को जोड़ने के लिए बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे और गंगा एक्सप्रेसवे के जरिए से पश्चिमी उत्तर प्रदेश को मध्य और पूर्वी उत्तर प्रदेश जोड़ा जा रहा है। इस विकास के लिए ट्रिपल इंजन की सरकार बहुत जरूरी है।
सीएम योगी ने दोहराया नारा

सीएम योगी ने फिर नारा दोहराया, ‘भाजपा सरकार की एक ही युक्ति, प्रदेश को दिला दी माफिया से मुक्ति’। उन्होंने कहा कि छह साल पहले प्रदेश में अपराधी-माफिया तनकर चलते थे, उसके लिए सड़क खाली हो जाती थी। पुलिस उससे डरती थी। हमने धर्म चक्र को ऐसा घुमाया है कि अपराधी और माफिया गले में तख्ती लटकाकर जान की भीख मांगते हुए दिखाई पड़ रहे हैं। माफिया की जुर्रत नहीं है कि वह तनकर चल पाए। अब माफिया के लिए सड़क खाली नहीं होती है और वह खाली भी नहीं करवाता है। उसे डर है कि सड़क खाली हुई तो पता नहीं क्या हो जाएगा।

रायबरेली में योगी ने विकास योजनाओं का जिक्र करते हुए कहा कि 9 वर्ष के अंदर भारत की तस्वीर बदल गई है और एक नए भारत का दर्शन 140 करोड़ की आबादी कर रही है। उन्होंने कहा कि बदलता हुआ भारत दुनिया के लिए आकर्षण का केंद्र बना है और यह भारत दुनिया को नेतृत्व देने का सामर्थ्य रखता है। योगी ने कहा कि इस भारत के लिए 140 करोड़ लोगों ने जो सपना देखा था उसको प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में बिना भेदभाव के पूरा किया जा रहा है।

 


पहले छुपानी पड़ती थी पहचान

मुख्यमंत्री ने कहा कि 2017 से पहले प्रदेश के युवाओं को अपनी पहचान छिपानी पड़ती थी और नौकरी के नाम पर भाई-भतीजावाद चलता था। लेकिन, आज विकास की योजनाएं धरातल पर उतरते हुए दिखाई पड़ रही हैं। मुख्‍यमंत्री ने कहा कि आज हमारे शहर स्मार्ट सिटी के रूप में विकसित हो रहे हैं। प्रदेश की कनेक्टिविटी बेहतर हुई है। पूर्वांचल को जोड़ने के लिए पूर्वांचल एक्सप्रेसवे, बुंदेलखंड को जोड़ने के लिए बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे और गंगा एक्सप्रेसवे के माध्यम से पश्चिमी उत्तर प्रदेश को मध्य और पूर्वी उत्तर प्रदेश जोड़ा जा रहा है। ये सारे परिवर्तन डबल इंजन की सरकार के कारण देखने को मिल रहे हैं। इसके साथ अगर ट्रिपल इंजन जुड़ जाएगा तो विकास की गति कई गुना बढ़ जाएगी।

नगर निकाय चुनाव छोटा नहीं

उन्‍नाव में मुख्‍यमंत्री ने कहा कि नगर निकाय चुनाव को लोग छोटा चुनाव मानते हैं, लेकिन उत्तर प्रदेश का नगर निकाय छोटा नहीं है। यहां 762 नगर निकाय हैं। 17 नगर निगम, 200 नगर पालिकाएं व 545 नगर पंचायतें हैं। उन्होंने कहा कि 4.32 करोड़ मतदाता हैं, यानी छह करोड़ की आबादी नगर निकायों में निवास करती है। जहां इतनी आबादी निवास करती है, उसे छोटा कैसे कह सकते हैं। उन्होंने लोगों से कहा कि डबल इंजन पर आप ट्रिपल इंजन लगा दीजिए। विकास की गति तेजी से बढ़ती जाएगी। योगी ने कहा कि 2014 के बाद भारत के बारे में नजरिया बदला है तथा भारत के नौजवानों को लोग अब सम्मान की दृष्टि से देखते हैं।

पूर्व की सरकार पर बड़ा हमला

सीएम योगी ने पूर्व की सरकार पर जोरदार हमला बोला। उन्होंने कहा कि 2017 के पहले कोई सुरक्षित नहीं था। बेटियां स्कूल नहीं जा पाती थीं। व्यापारी रंगदारी देता था। त्योहार शांतिपूर्ण माहौल में नहीं मनाए जाते थे। नौजवानों को नौकरी, गरीबों को शासन की सुविधा और किसानों को सम्मान नहीं मिलता था। यूपी के नागरिकों के सामने पहचान का संकट था। छह वर्ष में आपने बदलते यूपी को देखा है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि आज शहर या गांवों में शोहदों का आतंक नहीं है। व्यापारी रंगदारी नहीं देता है। आज शहर कूड़े के ढेर नहीं बने हैं। न कर्फ्यू, न दंगा है, क्योंकि अब यूपी में सब चंगा है। अब उपद्रव नहीं, अयोध्या में दीपोत्सव, काशी में देव दीवाली, बरसाना में रंगोत्सव यूपी की पहचान बने हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here