गवर्नमेंट हायर सेकेंडरी स्कूल, बिलासपुर बाल वैज्ञानिकों ने किसनों की जरुरतों को ध्यान में रख्रते हुए एक ऐसे रोबोट का आविष्कार किया है जो खेतों की जुताई से लेकर बोवाई करने का काम करता है. धान के पौधों में कीड़ा लगने पर कीटनाशक का छिड़काव भी करेगा. फसल पकने के बाद धान की कटाई और मिसाई भी करेगा. बाल वैज्ञानिकों इस आविष्कार को पूर्व प्रधानमंत्री व भारत रत्न अटलबिहारी वाजपेयी को समर्पित करते हुए इसका नाम अटल कृषि मित्र रखा है.
खेतों से धान को घर तक पहुंचाने का काम भी अटल कृषि मित्र नाम का रोबोट करेगा. पूरी तरह मानव संचालित इस रोबोट को खेती किसानी के काम में महारत हासिल है. बाल वैज्ञानिकों के इस आविष्कार ने नीति आयोग के अधिकारियों के अलावा वैज्ञानिकों को भी काफी प्रभावित किया है.
इस आविष्कार के बाद स्कूल के बाल वैज्ञानिकों के नाम पर अनोखा कीर्तिमान दर्ज हुआ है. यह देश का ऐसा पहला सरकारी स्कूल बन गया है जिसके तीन आविष्कारों को नीति आयोग ने टॉप पर रखा है. सरकारी स्कूल के बाल वैज्ञानिकों में नीत नए आविष्कार करने की ललक है तो देश के चुनिंदा राजनेताओं के प्रति मन में संवेदना भी है. यही कारण है कि इन बाल वैज्ञानिकों ने देश में भविष्य में होने वाली कृषि पर आधारित ऐसा प्रोजेक्ट तैयार किया है जिसे नीति आयोग ने नंबर वन पर रखा है.
