
बच्चों के खिलाफ बढ़ते अपराधों के मध्यनजर राजस्थान सरकार पंचायत स्तर पर जल्द ही बाल शिकायत पेटिका लगाने जा रही है। सरकारी एवं गैर सरकारी स्कूलों में पढ़ने वाले बच्चों को यदि स्कूल प्रशासन से या फिर कोई अन्य शिकायत है तो वह अपनी शिकायत लिखित तौर पर इस पेटिका में डाल सकते है। इस पेटिका के माध्यम से प्राप्त शिकायतों को पंचायत स्तरीय बाल संरक्षण समिति के समक्ष खोला जाएगा तथा वहीं पर इसका निस्तारण कर बच्चों को तत्काल राहत प्रदान की जाएगी। राजस्थान की कुछ पंचायतों में इस आदेश की पालना शुरु की जा चुकी है। संस्था प्रधानों के पास वाट्सएप एवं मेल के माध्यम से इसकी पालना सुनिश्चित करवाने के लिए कहा गया है। इस संबंध में प्रारंभिक शिक्षा विभाग बीकानेर के निदेशक ने प्रदेश के सभी जिला शिक्षाधिकारियों को आदेश जारी किए है। इसमें बताया गया है कि राजस्थान राज्य बाल अधिकार संरक्षण आयोग ने विद्यालय व ग्राम पंचायत स्तर पर बाल शिकायत पेटिका लगाए जाने की आवश्यकता जताई गई है।
