चुनाव आयोग ने मोदी सरकार को बड़ी राहत देते हुए प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि स्कीम के तहत किसानों को दूसरी किस्त जारी करने की इजाजत दे दी है। लेकिन आयोग ने कहा है कि स्कीम का लाभ केवल उन किसानों को ही मिलेगा, जिनका पंजीकरण चुनाव आचार संहिता लगने से पहले हो किया गया था। इस फैसले से राहत महसूस कर रही सरकार एक अप्रैल को 2000 रुपये की दूसरी किस्त भेजने की तैयारी में जुटी हुई है। सरकार की माने तो एक हफ्ते के भीतर किसानों के अकांउट में पैसा पहुंच जाएगा। इस योजना के तहत 10 मार्च से पहले 4.75 करोड़ किसानों का रजिस्ट्रेशन किया जा चुका है। जबकि सवा सात करोड़ किसानों को इसका लाभ चुनाव के बाद मिल सकेगा।
सरकार का दावा है कि इस स्कीम के तहत दो-दो हजार रुपये की पहली किस्त करीब दो करोड़ किसानों के बैंक अकाउंट में पहुंच चुकी है। वहीं कुछ लोग दूसरी किस्त को लेकर भ्रम फैल रहे है, लेकिन सरकार जल्द ही दूसरी किस्त किसानों के खातों में डालने जा रही है।
इस योजना को औपचारिक रूप से राष्ट्रीय स्तर पर शुरूआत माननीय प्रधानमंत्री द्वारा 24 फरवरी, 2019 को गोरखपुर, उत्तर प्रदेश में किया गया था। पहले 4 महीने की अवधि की 2000 रूपये की पहली किस्त करीब 1.01 करोड़ किसानों को जारी किए गए थे जिसपर करीब 2021 करोड़ रूपये का खर्च आया।
