राजधानी समेत कई राज्‍यों में शीतलहर का प्रकोप, इस दिन से शुरू होगी बारिश

0
93

वर्षा वर्मा

नई दिल्ली: देश के कई राज्‍य शीतलहर के कारण भीषण ठंड की चपेट में हैं। हालांकि, कुछ राज्‍यों में तापमान में थोड़ी बढ़ोतरी हुई है। लेकिन ठंड का प्रकोप अभी भी जारी है। इस बीच, भारत मौसम विज्ञान विभाग ने अगले 2 से 3 दिनों के दौरान गंगा के मैदानी इलाकों में घने से लेकर बहुत घना कोहरा छाए रहने की संभावना जताई है। वहीं, पश्चिमी विक्षोभ और पूर्वी हवाओं के साथ इसके संपर्क के कारण 10 से 12 जनवरी के बीच कई राज्‍यों में बारिश के आसार हैं।

 

दिल्‍ली में 5 डिग्री तक पहुंचेगा पारा
राष्‍ट्रीय राजधानी दिल्‍ली के मौसम की बात करें तो आज आईएमडी के अनुसार, यहां न्‍यूनतम तापमान 5 डिग्री सेल्सियसत तक पहुंचने का अनुमान है और अध‍िकतम तापमान 21 डिग्री सेल्सियस तक रह सकता है। वहीं, सुबह/रात के समय घने कोहरे की स्थित‍ि रह सकती है। इसके अलावा शुक्रवार को बहुत घना कोहरा छाए रहने के साथ न्‍यूनतम तापमान में 1 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी संभव है। शनिवार और रविवार को बारिश होने और आंधी चलने की संभावना है। इससे न्‍यूनतम तापमान में 2 से 4 डिग्री की बढ़ोतरी होगी और अध‍िकतम तापमान में थोड़ी गि‍रावट दर्ज की जा सकती है।

 

दिल्‍ली में 299 रहा AQI
वहीं अगर प्रदूषण की बात करें तो राजधानी दिल्‍ली की एयर क्‍वालिटी में मामूली अंतर से गिरावट दर्ज की गई है। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के आंकड़ों के अनुसार, सुबह सात बजे एक्यूआई 299 दर्ज किया गया। रविवार को वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग (सीएक्यूएम) ने एक्यूआई में सुधार देखने के बाद दिल्ली-एनसीआर में ग्रेडेड रिस्पांस एक्शन प्लान (जीआरएपी) के तीसरे चरण-III काे रद्द कर दिया था। हालांकि, GRAP-I और GRAP-II के नियम लागू रहेंगे।

ये भी पढ़े…

दिल्‍ली समेत तीन राज्‍यों में शीतलहर, बारिश को लेकर बड़ा अपडेट

 

इन राज्‍यों में मौसम विभाग की चेतावनी
मौसम विभाग ने आज जम्‍मू-कश्‍मीर में शीतलहर को लेकर येलो अलर्ट जारी किया है। हि‍माचल प्रदेश में शीतलहर, पाले और कोहरे को लेकर येलो अलर्ट जारी किया गया है। पंजाब और उत्‍तर प्रदेश में भीषण शीतलहर और कोहरे की चेतावनी जारी की गई है तो वहीं, दिल्‍ली, हरियाणा और चंडीगढ़ में अत्‍यधिक घने कोहरे के लिए चेतावनी दी गई है। मध्‍य प्रदेश में भी घने कोहरे के साथ शीतलहर का प्रकोप रहने वाला है। इसके अलावा बि‍हार, झारखंड, ओडिशा और नॉर्थ-ईस्‍ट के कई हिस्‍सों में कोहरा छाए रहने का अनुमान है।

 

मछुआरों के लिए एडवाइजरी जारी
​मौसम विभाग ने मछुआरों के लिए भी सलाह जारी की है। विभाग के मुताबिक, मछुआरों को 10 जनवरी को दक्षिण-पूर्व बंगाल की खाड़ी और दक्षिण-पश्चिम बंगाल की खाड़ी में नहीं जाने की सलाह दी गई है। वहीं आज यानी 9 जनवरी को दक्षिण बंगाल की खाड़ी के मध्य भागों में नहीं जाने के लिए कहा गया है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here