
PM Kisan Samman Nidhi 19th Installment: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज भागलपुर आएंगे। जहां वे किसानों के कल्याण, खुशहाली और समृद्धि को प्राथमिकता देते हुए किसान सम्मान निधि की 19वीं किस्त जारी करेंगे। पीएम मोदी 2025 के बिहार चुनाव से पहले हवाई अड्डा मैदान में एक जनसभा को भी संबोधित करेंगे। प्रधानमंत्री के साथ राज्य के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार भी रहेंगे। पीएम भागलपुर में दोपहर करीब 2:15 बजे पीएम किसान योजना की 19वीं किस्त जारी करेंगे।
5 लाख किसान होंगे शामिल
इस रैली में करीब 5 लाख किसानों के शामिल होने की उम्मीद है। कार्यक्रम में किसान सम्मान निधि का वितरण और एक जनसभा शामिल होगी। कार्यक्रम के तहत प्रधानमंत्री मोदी किसान सम्मान निधि की 19वीं किस्त जारी करेंगे और विभिन्न विकास परियोजनाओं का उद्घाटन करेंगे।
क्या है पीएम किसान योजना
पीएम किसान सम्मान निधि योजना के तहत किसानों के खातों में सालाना 6 हजार रुपये भेजे जाते हैं। यह रकम हर 4 महीने के अंतराल पर 3 किस्तों में किसानों के खाते में ट्रांसफर की जाती है। हर किस्त में 2,000 रुपये दिए जाते हैं।
ये भी पढ़े…
पीएम किसान सम्मान निधि का इंतजार हुआ खत्म, सोमवार को चेक करें खाता
ई-केवाईसी है जरूरी
प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि का लाभ लेने के लिए ई-केवाईसी अनिवार्य है। अगर आपने अभी तक ई-केवाईसी नहीं कराया है तो आप 19वीं किस्त से वंचित रह सकते हैं। वहीं, इस योजना का लाभ पाने के लिए किसानों के पास आधार कार्ड, बैंक अकाउंट होना अनिवार्य है। इसके साथ ही जमीन के दस्तावेज, निवास प्रमाण पत्र भी जरूरी हैं। इस योजना का लाभ पाने के लिए किसानों को अपनी जमीन का सत्यापन कराना भी जरूरी है। इनमें से किसी भी दस्तावेज के न होने पर किसान पीएम किसान योजना से वंचित हो सकते हैं।
लाभार्थी सूची में नाम कैसे चेक करें
पीएम किसान योजना की आधिकारिक वेबसाइट pmkisan.gov.in पर जाएं।
अब होम पेज के दाईं ओर ‘Farmers Corner’ सेक्शन पर क्लिक करें।
Farmers Corner सेक्शन में ‘Beneficiary Status’ विकल्प पर क्लिक करें।
अब अपना राज्य, जिला और गांव सहित अन्य जानकारी दर्ज करें।
विवरण भरने के बाद ‘Get Report’ पर क्लिक करें।
अब आपके सामने एक सूची दिखाई देगी, जिसमें आप अपना नाम चेक कर सकते हैं।
अगर नाम नहीं है, तो आप ‘Farmers Corner’ सेक्शन में जाकर अन्य विवरण दर्ज कर सकते हैं।
यहां संपर्क करें
पीएम किसान योजना से जुड़ी किसी भी समस्या के लिए किसान ईमेल आईडी pmkisan-ict@gov.in पर संपर्क कर सकते हैं। आप पीएम किसान योजना के हेल्पलाइन नंबर – 155261 या 1800115526 (टोल फ्री) या 011-23381092 पर संपर्क कर सकते हैं, यहां भी आपकी हर समस्या का समाधान किया जाएगा।


