भोजपुरी गायक जंगबहादुर सिंह को पद्म पुरस्कार से सम्मानित करने की उठने लगी है मांग

0
660
मंगरूआ
  • सवाल… वयोवृद्ध भोजपुरी गायक जंगबहादुर सिंह को बिसरा कैसे सफल होगा आजादी का अमृत महोत्सव

सिवान: सुबह का पहर। बिहार के सिवान जिला के रघुनाथपुर प्रखण्ड का कौसड़ गाँव। शतकवीर,खाटी माटी और तन पर भोजपुरिया बाना पहिने गायक व पहलवान जंग बहादुर सिंह की भारी भरकम आवाज गूंजती है,
गइया चराइले, दही-दूध खाइले
कान्हवा प धई के लउरिया ए भाई जी ..
आखड़ा में जाइले, मेहनत बनाइले
कान्हवा प मली-मली धुरिया ए भाई जी।
सारण प्रमंडल के सिवान जिले के रघुनाथपुर प्रखंड के कौंसड़ गांव में 1920 ई में जन्में इस मंझोले कद के पहलवान व वयोवृद्ध गायक की कड़कड़ाती मूँछ ,चेहरे की ताजगी व तेज इनके संयमी जीवन की दास्तान कहने के लिए काफी है। उम्र के इस पड़ाव में भी
गांधी जी बांध के पगरिया हो ससुररिया चलले ना, घास की रोटी खाई वतन की खातिर जैसे गीत गुनगुनाने के साथ आज भी सुबह होती है वयोवृद्ध लोक गायक ब्यास जंग बहादुर सिंह की।

 

पहलवानी से शुरू हुआ सफर

ब्रिटिश कालीन शासन में जन्मे जंग बहादुर मामूली शिक्षा ग्रहण कर अपने छोटे भाई व मजदूर नेता राम देव सिंह के पास शिवपुर कोलियरी झरिया आये फिर तब के प्रसिद्ध सेन रेले साइकिल कारखाना आसनसोल में नौकरी कर ली और वहां पहलवानी के दाव में बड़े-बड़े पहलवानों को पटकनी दी जिसमें बंगाल के एक करीब तीन क्विंटल के बंगाली पहलवान को पटकनी देकर अप्रवासी बिहारियों की शान कहलाने लगे।

दंगल जीत योद्धा बने जंग बहादुर

दूगोला के एक कार्यक्रम में तब के तीन बड़े गायक मिलकर एक गायक को हरा रहे थे। दर्शक के रूप में बैठे पहलवान जंग बहादुर सिंह ने इसका विरोध किया और कालांतर में इन तीनों लोगों को गायिकी में हराया भी। उसी कार्यक्रम के बाद जंग बहादुर ने गायक बनने की जिद्द पकड़ ली। धुन के पक्के और बजरंग बली के भक्त जंग बहादुर का सरस्वती ने भी साथ दिया।
बिना माइक के ही कोसों दूर गूंजती थी आवाज
1920 ई में सिवान, बिहार में जन्में जंगबहादुर पं.बंगाल के आसनसोल में सेनरेले साइकिल करखाने में नौकरी करते हुए भोजपुरी के व्यास शैली में गायन कर झरिया, धनबाद, दुर्गापुर, संबलपुर, रांची आदि क्षेत्रों में अपने गायन का परचम लहराते हुए अपने जिला व राज्य का मान बढ़ाया था। जंग बहादुर के गायन की विशेषता यह रही कि बिना माइक के ही कोसों दूर उनकी आवाज जाती थी। आधी रात के बाद उनके सामने कोई टिकता नहीं था मानो उनकी जुबां व गले में सरस्वती आकर बैठ जाती हों। खास कर भोर में गाये जाने वाले भैरवी गायन में उनका सानी नहीं था।
माई भाखा और आजादी के तराने
लेकिन जंगबहादुर के भाग्य में तो माई भाखा की शान बिखेरना और उसी भाषा में आजादी के तराने छेड़ना लिखा था। आजादी के लिए संघर्ष चल रहा था। युवा जंगबहादुर भला कहां पीछे हटने वाले थे। वे देश भक्तों में जोश जगाने के लिए घूम-घूमकर देश भक्ति के गीत गाने लगे। इस चक्कर में कई बार पुलिसिया आक्रोश के शिकार भी हुए। पर जंग बहादुर रुकने वाले कहाँ थे। जंग में भारत की जीत हुई। भारत आजाद हुआ। आजादी के बाद भी जंग बहादुर गाँधी, सुभाष, आजाद, कुँवर सिंह, महाराणा प्रताप की वीर गाथा ही ज्यादा गाते थे और धीरे-धीरे वह लोक धुन पर देशभक्ति गीत गाने के लिए जाने जाने लगे।
भोजपुरिया मानस में काफी लोकप्रिय रहे
रामायण-महाभारत के पात्रों भीष्म, कर्ण, कुंती, द्रौपदी, सीता, भरत, राम व देश-भक्तों आजाद, भगत, सुभाष, हमीद, गाँधी आदि को गाकर भोजपुरिया जन-मानस में लोकप्रिय हो गए जंग बहादुर सिंह। तब ऐसा दौर था कि जिस कार्यक्रम में नहीं भी जाते थे जंग बहादुर, वहाँ के आयोजक भीड़ जुटाने के लिए पोस्टर-बैनर पर इनकी तस्वीर लगाते थे। पहलवानी का जोर पूरी तरह से संगीत में उतर गया था और कुश्ती का चैंपियन भोजपुरी लोक संगीत का चैंपियन बन गया था। अस्सी के दशक के सुप्रसिद्ध लोक गायक मुन्ना सिंह व्यास व उसके बाद के लोकप्रिय लोक गायक भरत शर्मा व्यास तब जवान थे, उसी इलाके में रहते थे और इन लोगों ने जंग बहादुर सिंह व्यास का जलवा देखा था।

लुप्त होती स्मृति में तन्हा जंग बहादुर सिंह

लुप्त होती स्मृति में तन्हा जंग बहादुर सिंह अब भटभटाने लगे हैं। अकेले में कुछ खोजते रहते हैं। देशभक्ति गीत गाते-गाते निर्गुण गाने लगते हैं। वीर अब्दुल हामिद व सुभाष चंद्र बोस की गाथा गाते-गाते गाने लगते हैं कि ‘’ जाये के अकेल बा, झमेल कवना काम के।‘’ विलक्षण प्रतिभा के धनी जंग बहादुर ने गायन सीखा नहीं, प्रयोग और अनुभव से खुद को तराशा। अपने एक मात्र उपलब्ध साक्षात्कार में जंग बहादुर ने बताया कि उन्हें गाने-बजाने से इस कदर प्रेम हुआ कि बड़े-बड़े कवित्त, बड़ी-बड़ी गाथाएँ और रामायण-महाभारत तक कंठस्थ हो गया। वह कहते हैं, प्रेम पनप जाये तो लक्ष्य असंभव नहीं। लक्ष्य तक वह पहुँचे, खूब नाम कमाए।

क्या सोचता है भोजपुरिया समाज

लोक गायक मुन्ना सिंह कहते हैं कि, एक समय था, जब बाबू जंग बहादुर सिंह की तूती बोलती थी। उनके सामने कोई गायक नहीं था। वह एक साथ तीन-तीन गायकों से दूगोला की प्रतियोगिता रखते थे। झारखंड-बंगाल-बिहार में उनका नाम था और पंद्रह-बीस वर्षों तक एक क्षत्र राज्य था। उन के साथ के करीब-करीब सभी गायक दुनिया छोड़कर चले गये। खुशी की बात है कि वह 102 वर्ष की उम्र में भी टाइट हैं। भोजपुरी की संस्थाएं तो खुद चमकने-चमकाने में लगी हैं। सरकार का भी ध्यान नहीं है। मैं तो यही कहूँगा कि ऐसी प्रतिभा को पद्म पुरस्कार से सम्मानित किया जाना चाहिए।

भोजपुरी गायक भरत शर्मा व्यास का कहना है कि, लोक गायक जंग बहादुर सिंह का उस जमाने में नाम लिया जाता था, गायको में। मुझसे बहुत सीनियर हैं। मैं कलकता से उनकी गायिकी सुनने आसनसोल, झरिया, धनबाद आ जाता था। कई बार उनके साथ बैठकी भी हुई है। भैरवी गायन में तो उनका जबाब नहीं है। इतनी ऊंची तान, अलाप और स्वर की मृदुलता के साथ बुलंद आवाज वाला दूसरा गायक भोजपुरी में नहीं हुआ। उनके समय के सभी गायक चले गये। वह आशीर्वाद देने के लिए अभी भी मौजूद हैं। भोजपुरी भाषा की सेवा करने वाले व्यास शैली के इस महान गायक को सरकारी स्तर पर सम्मानित किया। मैं उन खुशनसीब लोगों में से हूँ जिन्होंने जंगबहादुर सिंह को गाते हुए सुना है। उनके गायकी को करीब से देखा है।

 

 

 

भारतीय हॉकी टीम के कोच हरेन्द्र सिंह कहते हैं कि, जंग बहादुर सिंह भोजपुरी के महान गायकों में शामिल हैं। बचपन में मैंने इनको अपने गाँव बंगरा, छपरा में चैता गाते हुए सुना है। भोजपुरी और खासकर तब छपरा-सिवान-गोपालगंज जिले के संयुक्त सारण जिले का नाम देश-दुनिया में रौशन किया ब्यास जंग बहादुर सिंह ने। मैं उन खुशनसीब लोगों में से हूँ जिन्होंने जंग बहादुर सिंह को लाइव सुना है, उनको देखा है और उनसे बात किया है। गायिकी के साथ उनके झाल बजाने की कला का मुरीद हूँ मै। ये हम सब का सौभाग्य है कि जंग बहादुर जी उम्र के इस पड़ाव में हम लोगों के बीच है। इनकी कृति और रचनाओं को कला संस्कृति विभाग बिहार सरकार को सहेजना चाहिए।

 

इस वयोवृद्ध कलाकार के भतीजे प्रसिद्ध कवि, साहित्यकार व टीवी एंकर मनोज भावुक कहते हैं कि उनके बड़े बाबूजी एक आत्मसंयमी व्यक्ति रहे हैं और कोई भी काम स्वान्त: सुखाय  किया। अपने को प्रचार प्रसार से दूर रखा। इनकी संयमी जीवन शैली पूरे इलाके के लिए प्रेरक रही है। स्थानीय कलाकारों की माने तो भोजपुरी के विकास के लिए समर्पित संस्थाएं सहित सरकार को भी जंगबहादुर जैसे महान कलाकार की सुधी लेकर उन्हें प्रकाश में लाना चाहिए।
लेकिन आज देश में आजादी का अमृत महोत्सव वर्ष मनाया जा रहा है। गुमनाम नायकों की तलाश हो रही है लेकिन दुर्भाग्य से देश भक्तों में जोश भरने वाले अपने समय के नामी भोजपुरी लोक गायक जंग बहादुर सिंह को कोई पूछने वाला नहीं हैं..हांलाकि भोजपुरिया मानस जंगबहादुर सिंह को पद्म पुरस्कार से नवाजे जाने की मांग मजबूती से करने लगा है।

पढ़ें जंग बहादुर सिंह के गांव की कहानी भतीजे व जाने माने भोजपुरी गीतकार मनोज भावुक की जुबानी..

गांव में बहुत कम रहा पर गांव मेरे भीतर हमेशा रहा

भोजपुरी लोक संगीत के दो बड़े सितारे मुन्ना सिंह व्यास और भरत शर्मा व्यास उनकी तारीफ करते नहीं थकते। पर अफसोस कि तब कुछ भी रिकार्ड नहीं हुआ। रिकार्ड नहीं हो तो कहानी बिखर जाती है। अब तो जंग बहादुर सिंह की स्मृति बिखर रही है, वह खुद भी बिखर रहे हैं, 102 की उम्र हो गई। जीवन के अंतिम छोर पर खड़े इस अनसंग हीरो को उसके हिस्से का हक़ और सम्मान मिले।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here